झारखंड छात्र आंदोलन: अस्पताल से देवेंद्र नाथ महतो की अपील, जेपीएससी-जेएसएससी विवाद और मांगों पर सरकार से बातचीत की आज उम्मीद। पढ़ें पूरी खबर।
रांची (झारखंड)। छात्र नेता देवेंद्र नाथ महतो ने शुक्रवार को अस्पताल के बिस्तर से एक भावुक अपील की। उन्होंने प्रदर्शनकारियों को आगाह किया कि झारखंड में छात्र आंदोलन को पटरी से उतारने और तोड़ने की कोशिशें हो रही हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि आंदोलन शुरू होने के लगभग एक महीने बाद बाहरी तत्व इसकी दिशा भटकाने की कोशिश कर रहे हैं। उन्होंने प्रदर्शनकारियों से अपील की कि वे इसे टूटने या बिखरने न दें।
आंदोलन की दिशा बदलने की कोशिश का आरोप
उन्होंने कहा, "आंदोलन की दिशा बदलने की कोशिशें हो रही हैं। इस आंदोलन की वजह से आज एक जांच समिति बनी है और इतनी कार्रवाई हो रही है। सरकार भी हमारी बातें सकारात्मक रूप से सुन रही है, लेकिन पूरा न्याय अभी बाकी है। मेरे आंदोलन के शुरू होने के लगभग 29-30 दिन बाद कुछ लोग इसे तोड़ना और इसकी दिशा बदलना चाहते हैं। सही समय आने पर मैं सब कुछ उजागर करूंगा, लेकिन मैं मासूम छात्रों से अपील करता हूं: कृपया न तो इस आंदोलन की दिशा बदलें और न ही इसे बदलने दें, न इसे टूटने दें और न ही बिखरने दें। हालात चाहे जो भी हों, आंदोलन को बचाएं और एकजुट रहें। बहुत जल्द मैं अस्पताल से आप सबके बीच आऊंगा।" गौरतलब है कि महतो झारखंड लोक सेवा आयोग (JPSC) और झारखंड कर्मचारी चयन आयोग (JSSC) की परीक्षाओं में कथित भ्रष्टाचार के विरोध में 11 दिनों से अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल पर हैं।
12वें दिन भी भूख हड़ताल पर प्रेम नायक
इस बीच, छात्र प्रदर्शनकारी प्रेम नायक ने ब्लड शुगर और ब्लड प्रेशर के उतार-चढ़ाव के बावजूद अस्पताल में भर्ती होने से इनकार कर दिया है। वे अपनी लगातार भूख हड़ताल के 12वें दिन में प्रवेश कर चुके हैं। उन्होंने कहा, "आज मेरी भूख हड़ताल का 12वां दिन है और विरोध प्रदर्शन का 21वां दिन। आज मेरी तबीयत ठीक नहीं है। मेरा ब्लड शुगर लेवल बढ़ गया है और ब्लड प्रेशर भी ज्यादा है। स्वास्थ्य कर्मियों ने मुझे अस्पताल जाने की सलाह दी है लेकिन मैंने मना कर दिया है।"
सरकार से बातचीत की उम्मीद, मांगों पर कायम छात्र
उन्होंने आगे कहा, "आज सरकार से बातचीत के लिए एक टीम के जाने की संभावना है। बातचीत चल रही है और हमारी तरफ से एक टीम बातचीत के लिए जा सकती है। जयराम कुमार महतो बातचीत का नेतृत्व कर रहे हैं और आज शाम बातचीत हो सकती है। दोनों पक्षों के प्रतिनिधि मौजूद रहेंगे और हममें से पांच लोगों का एक समूह अपनी बात रखने जाएगा। हम अपनी मांगों पर अड़े हुए हैं: JPSC और JSSC CGL परीक्षाओं को रद्द करना, CBI जांच और कड़े कानून बनाना। हम इन तीन मांगों पर अडिग हैं।"
रवींद्र पासवान ने मंत्री से की माफी की मांग
छात्र नेता रवींद्र पासवान ने अधिकारियों को चुनौती दी कि वे प्रतिनिधिमंडल के सभी सदस्यों के एडमिट कार्ड की जांच करें। साथ ही, उन्होंने झारखंड की मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की से तुरंत माफी मांगने की मांग की, जिन्होंने JPSC-JSSC परीक्षा के विरोध प्रदर्शन के दौरान प्रदर्शनकारियों को 'गैर-छात्र' करार दिया था। उन्होंने कहा, "हम उनसे यह पूछ रहे हैं कि आपको कैसे पता चला कि हम छात्र नहीं हैं? बातचीत के लिए हमने जो प्रतिनिधिमंडल भेजा था, हम उन सभी के एडमिट कार्ड दिखा सकते हैं। बिना जांच-पड़ताल और बिना सोचे-समझे ऐसा बयान देना गलत है। सभी के पास एडमिट कार्ड है और सभी JPSC-JSSC परीक्षा दे रहे हैं। उन्हें हम सभी छात्रों से माफी मांगनी चाहिए।"
15 अगस्त को तिरंगा यात्रा निकालेंगे छात्र
उन्होंने आगे कहा, "यह अनिश्चितकालीन विरोध प्रदर्शन तब तक जारी रहेगा जब तक सरकार हमारी मांगें मान नहीं लेती। चूंकि कल 15 अगस्त यानी स्वतंत्रता दिवस है, इसलिए हमने तिरंगा यात्रा आयोजित की है। इस मार्च में भाग लेने के लिए झारखंड के सभी जिलों से छात्र यहां आएंगे।"
'विधानसभा घेराव' मार्च को लेकर 300 अज्ञात पर FIR दर्ज
इससे पहले गुरुवार को, रांची पुलिस ने 10 अगस्त के 'विधानसभा घेराव' मार्च के संबंध में लगभग 300 अज्ञात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी (FIR) दर्ज की है। पुलिस का आरोप है कि असामाजिक तत्वों ने विरोध मार्च का फायदा उठाया और पथराव करके तथा पुलिस कर्मियों पर हमला करके स्थिति को बिगाड़ने की कोशिश की। प्रदर्शनकारी छात्र JSSC-CGL परीक्षा को रद्द करने, कथित अनियमितताओं की जांच सीबीआई से कराने और भर्ती प्रक्रिया में सुधार की मांग कर रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया है कि राज्य सरकार द्वारा उनकी मांगें पूरी तरह से स्वीकार नहीं की गई हैं।
अक्सर पूछे जाने वाले सवाल (FAQs)
2. झारखंड में छात्र आंदोलन क्यों हो रहा है?
उत्तर: छात्र JPSC और JSSC CGL परीक्षाओं को रद्द करने, CBI जांच कराने और परीक्षा प्रक्रिया में कड़ाई के लिए नए कानून की मांग कर रहे हैं।
2. देवेंद्र नाथ महतो ने प्रदर्शनकारियों से क्या अपील की?
उत्तर: उन्होंने छात्रों से आंदोलन की दिशा न बदलने, इसे टूटने या बिखरने न देने और एकजुट रहकर आंदोलन को जारी रखने की अपील की।
3. 15 अगस्त को छात्र क्या करने वाले हैं?
छात्रों ने स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर तिरंगा यात्रा आयोजित करने की घोषणा की है, जिसमें झारखंड के विभिन्न जिलों से छात्र शामिल होंगे।
(भाषांतर: Ravi Pandey । इनपुट: ANI)
यह भी पढ़ें: रांची पुलिस ने विधानसभा घेराव मार्च के मामले में 300 अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ दर्ज किया मामला