लखीसराय के प्रसिद्ध श्री इंद्रदमनेश्वर महादेव मंदिर परिसर में सोमवार सुबह अचानक 11 हजार वोल्ट का हाईटेंशन विद्युत प्रवाहित तार टूटकर श्रद्धालुओं के बीच जा गिरा। इस दौरान 7 श्रद्धालुओं की मौत हो गई।
लखीसराय: लखीसराय के प्रसिद्ध श्री इंद्रदमनेश्वर महादेव मंदिर अशोक धाम में सोमवार की सुबह उस समय बड़ा हादसा हो गया, जब मंदिर परिसर में अचानक 11 हजार वोल्ट का हाईटेंशन विद्युत प्रवाहित तार टूटकर श्रद्धालुओं के बीच जा गिरा। हादसे में अब तक सात महिला श्रद्धालुओं की मौत की पुष्टि हुई है, जबकि कई अन्य श्रद्धालु गंभीर रूप से झुलस गए हैं। घटना के बाद मंदिर परिसर में अफरा-तफरी मच गई।
बुरी तरह झुलस गईं महिला श्रद्धालु
बताया जाता है कि सावन के सोमवार को लेकर अशोकधाम मंदिर में सुबह से ही श्रद्धालुओं की भारी भीड़ जुटी थी। बड़ी संख्या में श्रद्धालु पूजा-अर्चना के लिए कतार में खड़े थे। इसी दौरान अचानक हाईटेंशन तार टूटकर नीचे गिर गया। तार की चपेट में आने से कई श्रद्धालु बुरी तरह झुलस गये। हादसे के बाद भगदड़ मच गई।
घायलों को अस्पताल में कराया गया भर्ती
घटना के बाद स्थानीय लोगों, मंदिर प्रशासन और मौजूद श्रद्धालुओं ने तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। गंभीर रूप से झुलसे लोगों को आनन-फानन में नजदीकी अस्पतालों में भेजा गया। घायलों में कुछ की स्थिति गंभीर बताई जा रही है। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी भी मौके पर पहुंचे।
हादसे के कारणों की शुरू की गई जांच
सुरक्षा के मद्देनजर विद्युत आपूर्ति तत्काल बंद कराई गई, ताकि राहत-बचाव कार्य के दौरान कोई और अनहोनी न हो। प्रशासन की टीम ने घटनास्थल का जायजा लेते हुए राहत कार्य तेज कर दिया है। हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी गई है। प्रशासन की ओर से मृतकों और घायलों की वास्तविक संख्या और उनकी पहचान की जानकारी जुटाई जा रही है। घटना के बाद अशोकधाम में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है।
हादसे पर PMO की ओर से जताया गया दुख
वहीं, प्रधानमंत्री नरेंद्री मोदी के कार्यकाल (PMO) की तरफ से भी इस घटना पर शोक जताया गया है। पीएमओ की ओर से X पर पोस्ट करते हुए लिखा गया है, "बिहार के लखीसराय में भगदड़ से हुई मौतों से बहुत दुख हुआ है। दुख की इस घड़ी में मेरी (पीएम मोदी) संवेदनाएं पीड़ित परिवारों के साथ हैं। घायल लोग जल्द से जल्द ठीक हों। स्थानीय प्रशासन प्रभावित लोगों की मदद कर रहा है"।
सीएम सम्राट चौधरी ने 4 लाख रुपये देने की घोषणा की
इसके अलावा बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने भी X पर पोस्ट करते हुए इस हादसे पर दुख जताया। उन्होंने पोस्ट में लिखा, लखीसराय के अशोकधाम हॉल्ट पर हुए दिल दहला देने वाले हादसे में मारे गए सभी लोगों के निकटतम आश्रितों को राज्य सरकार 4 लाख रुपये की अनुग्रह राशि देगी। दुख की इस घड़ी में राज्य सरकार पीड़ित परिवारों के साथ पूरी एकजुटता और प्रतिबद्धता के साथ खड़ी है।
घायलों के नाम आए सामने
घायलों में गुंजन कुमारी (12), तन्नु कुमारी (22), कमली देवी (45), मौसम कुमारी (21), कुमकुम देवी (50), मोनी कुमारी (16), मोनी कुमारी (18), शिवानी कुमारी (15), विमला देवी (35), सविता देवी (40), रीना देवी (40), मुस्कान कुमारी (18), रागिनी कुमारी (20), रेणु देवी (50), टूटू कुमारी (15), संध्या कुमारी (16), खुशी कुमारी (15), पिंकी कुमारी (16), अमेरिका देवी (65), लूटो देवी (55), रामपरी देवी (50) और ममता देवी (25) शामिल हैं।
ये भी पढ़ें- घरों में झाडू-पोछा करने वाली महिला के साथ युवक ने किया दुष्कर्म, कमरे में बंद रखकर करता रहा मारपीट