प्राइम न्यूज़ – एक कसम, राष्ट्र प्रथम
Breaking News

धरहरा में सीओ के खिलाफ प्रदर्शन

धरहरा अंचल कार्यालय के खिलाफ सड़क पर उतरे लोग, CO वीरेंद्र कुमार को हटाने की मांग

मुंगेर के धरहरा में न्याय संघर्ष समिति ने अंचल कार्यालय के खिलाफ प्रदर्शन कर CO वीरेंद्र कुमार को हटाने और कार्यालय की जांच की मांग की। पढ़ें पूरी खबर।

धरहरा अंचल कार्यालय के खिलाफ सड़क पर उतरे लोग co वीरेंद्र कुमार को हटाने की मांग

Protest against Dharhara CO |

मुंगेर (बिहार)। धरहरा अंचल कार्यालय की कार्यप्रणाली और अंचलाधिकारी वीरेंद्र कुमार के खिलाफ मंगलवार को न्याय संघर्ष समिति के बैनर तले दर्जनों महिला-पुरुष सड़क पर उतरे। समिति संयोजक नीरज कुमार के नेतृत्व में डाक बंगला चौक से रैली निकली, जो धरहरा बाजार होते हुए थाना चौक पहुंची। यहां पर न्याय संघर्ष समिति ने सीओ का पुतला फूंककर विरोध जताया। इस दौरान दलाली प्रथा समाप्त करो, म्यूटेशन में वसूली बंद करो, झूठा मुकदमा बंद करो, सरकारी जमीन बेचना बंद करो और सीओ होश में आओ जैसे नारे लगाए गए।

किसानों से अभद्र व्यवहार का आरोप

नीरज कुमार ने कहा कि दाखिल-खारिज समेत जमीन से जुड़े मामलों को जानबूझकर लंबित रखा जाता है और लोगों से कथित रूप से अवैध राशि की मांग की जाती है। उन्होंने सीओ पर किसानों से गाली-गलौज व अभद्र व्यवहार का आरोप लगाते हुए किसान संजय मिश्रा के साथ पूर्व में हुई मारपीट का भी जिक्र किया। जाति व आवासीय प्रमाणपत्र बनवाने में परेशानी और बिचौलियों की सक्रियता का भी आरोप लगाया गया।

सरकारी जमीन की बिक्री पर उठे सवाल

पूर्व सरपंच अजय कुमार चंद्रवंशी ने कथित झूठे मुकदमों, जबकि संदीप कुमार ने सरकारी जमीन की कथित अवैध बिक्री व बिचौलियों को संरक्षण देने का आरोप लगाया। भीखाकिता मुशहरी के ग्रामीणों ने करीब 20 वर्षों से रह रहे लोगों को हटाने का प्रयास करने की शिकायत की। घटवारी मुशहरी के लोगों ने वासगीत पर्चा मिलने के बावजूद जमीन नहीं मिलने की बात कही। समिति ने सीओ को हटाने और अंचल कार्यालय की जांच की मांग की। मांग पूरी नहीं होने पर तालाबंदी समेत आंदोलन तेज करने की चेतावनी दी। प्रदर्शन में खुशबू कुमारी, ममता कुमारी, बिंदू देवी, रीता देवी, सजनी देवी समेत दर्जनों महिला-पुरुष शामिल थे।
​(Published By: Ravi Pandey)

यह भी पढ़ें: काम के दौरान करंट की चपेट में आया 14 वर्षीय किशोर, मौत के बाद 5 घंटे सड़क जाम

Related to this topic: