प्राइम न्यूज़ – एक कसम, राष्ट्र प्रथम

रीवा में पुलिसकर्मियों पर गिरी गाज

सायरन बजते ही डायल-112 से शराब की त्वरित डिलीवरी

सायरन बजते ही एक युवक शराब की दुकान से बियर और शराब लेकर सीधे पुलिस वाहन के पास पहुंचता है।​ वह युवक गाड़ी के भीतर मौजूद पुलिसकर्मियों को शराब की डिलीवरी देता है।

सायरन बजते ही डायल-112 से शराब की त्वरित डिलीवरी

रीवा। जिले के गंगेव क्षेत्र से पुलिस व्यवस्था और अनुशासन पर गंभीर सवाल खड़े करने वाला एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हो रहा है, जिसमें आपातकालीन सेवा के लिए तैनात डायल-112 वाहन का इस्तेमाल कथित तौर पर शराब मंगवाने के लिए किया जा रहा है। वीडियो सामने आने के बाद रीवा पुलिस अधीक्षक ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मामले में शामिल कांस्टेबल और ड्राइवर को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।

​यह है पूरा मामला

​वायरल वीडियो गंगेव क्षेत्र की एक शराब दुकान के पास का बताया जा रहा है। स्थानीय लोगों द्वारा बनाए गए इस वीडियो में ​आपातकालीन सेवा की डायल-112 गाड़ी सड़क किनारे आकर रुकती है। सायरन बजते ही एक युवक शराब की दुकान से बियर और शराब लेकर सीधे पुलिस वाहन के पास पहुंचता है।​ वह युवक गाड़ी के भीतर मौजूद पुलिसकर्मियों को शराब की डिलीवरी देता है।

​स्थानीय लोगों ने भी लगाए गंभीर आरोप

​वहां मौजूद प्रत्यक्षदर्शियों और स्थानीय लोगों ने पुलिसकर्मियों की इस हरकत का वीडियो बना लिया। लोगों का आरोप है कि ये पुलिसकर्मी ऑन-ड्यूटी पर थे और उन्होंने अपने पद व सरकारी वाहन का दुरुपयोग करते हुए सरेआम शराब मंगवाई। लोगों का कहना है कि जिस पुलिस के डर से अपराधी भागते हैं, वही पुलिस अब सरेआम सरकारी गाड़ी में शराब ले रही है, जिससे पुलिस विभाग की छवि धूमिल हुई है।

​एसपी ने की कड़ी कार्रवाई

​जैसे ही यह वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ और वरिष्ठ अधिकारियों के संज्ञान में आया, विभाग में हड़कंप मच गया। रीवा के पुलिस अधीक्षक ने मामले की गंभीरता को देखते हुए अनुशासनहीनता और कर्तव्य के प्रति लापरवाही बरतने के आरोप में गाड़ी में तैनात आरक्षक और उसके ड्राइवर को तुरंत निलंबित कर दिया है। इसके साथ ही मामले की आगे की जांच के आदेश भी दे दिए गए हैं।

इसे भी पढ़ेंः सागर कलेक्ट्रेट में हंगामा, रामचरितमानस जलाकर युवक ने की आत्मदाह की कोशिश

Related to this topic: