नेपाल से होकर आने वाली गंडक नदी में बढ़े जलस्तर के बीच एक मगरमच्छ पूर्वी चंपारण जिले के अरेराज प्रखंड क्षेत्र के चटिया बड़हरवा गांव तक पहुंच गया। गांव के पास बंधी एक भैंस पर मगरमच्छ ने हमला कर दिया।
मोतिहारी {बिहार}: नेपाल से होकर आने वाली गंडक नदी में बढ़े जलस्तर के बीच एक मगरमच्छ पूर्वी चंपारण जिले के अरेराज प्रखंड क्षेत्र के चटिया बड़हरवा गांव तक पहुंच गया। गांव के पास बंधी एक भैंस पर मगरमच्छ ने हमला कर दिया। इसी दौरान एक कुत्ते के भौंकने से ग्रामीण सतर्क हो गए और भैंस की जान बच गई।
भैंस पर किया हमला, कुत्ते ने बजाई खतरे की घंटी
जानकारी के अनुसार, गंडक नदी से निकलकर मगरमच्छ गांव की ओर पहुंचा और बांध के पास बंधी भैंस को अपना शिकार बनाने की कोशिश करने लगा। तभी वहां मौजूद कुत्ता लगातार भौंकने लगा। उसकी आवाज सुनकर ग्रामीण मौके पर पहुंचे और लाठी-डंडों की मदद से मगरमच्छ को काबू कर लिया।
रस्सी से बांधकर वन विभाग को दी सूचना
ग्रामीणों ने मगरमच्छ के मुंह को रस्सी से बांध दिया और उसे एक खंभे से बांधकर वन विभाग को सूचना दी। समय रहते ग्रामीणों की सतर्कता से भैंस की जान बच गई। सूचना मिलने पर मोतिहारी वन प्रक्षेत्र की टीम मौके पर पहुंची। अधिकारियों के निर्देश पर मगरमच्छ का सुरक्षित रेस्क्यू किया गया और उसे वाल्मीकिनगर ले जाया गया।
नेपाल की बारिश से बढ़ा जलस्तर
बताया जा रहा है कि नेपाल में लगातार हो रही भारी बारिश के कारण गंडक नदी उफान पर है। तेज बहाव के चलते नदी में रहने वाले मगरमच्छ भी बहकर आबादी वाले इलाकों तक पहुंच रहे हैं। इसी वजह से यह मगरमच्छ चटिया बड़हरवा गांव तक आ गया था। घटना के बाद गांव में दहशत का माहौल है। ग्रामीणों ने प्रशासन और वन विभाग से नदी किनारे के गांवों में निगरानी बढ़ाने और लोगों को सतर्क रहने की अपील की है।
यह भी पढ़े: शिवपुरी में तेज रफ्तार का कहर! कार की टक्कर से घायल युवक ने इलाज के दौरान तोड़ा दम