रीवा के हरदुआ गांव में घरेलू विवाद में बड़े भाई ने छोटे भाई की हत्या कर दी। वारदात के बाद आरोपी फरार है, पुलिस तलाश में जुटी है।
रीवा। जिले से एक दिल दहला देने वाली सनसनीखेज वारदात सामने आई है। यहाँ गुढ़ थाना क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम हरदुआ में एक घरेलू विवाद ने ऐसा खूनी रूप अख्तियार कर लिया कि बड़े भाई ने अपने ही सगे छोटे भाई की निर्मम हत्या कर दी। इस खौफनाक कदम के बाद से पूरे हरदुआ गाँव में सन्नाटा और दहशत का माहौल पसरा हुआ है।
अंधेरे का फायदा उठाकर आरोपी फरार
जानकारी के अनुसार, भाइयों के बीच किसी बात को लेकर आपसी विवाद शुरू हुआ था। यह विवाद देखते ही देखते इतना बढ़ गया कि बड़े भाई ने छोटे भाई पर जानलेवा हमला कर उसे मौत के घाट उतार दिया। वारदात को अंजाम देने के बाद, आरोपी भाई रात के अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गया।
पुलिस दल-बल के साथ पहुंची
घटना की सूचना मिलते ही गुढ़ थाना पुलिस तुरंत दल-बल के साथ मौके पर पहुँची। पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना कर शव को अपने कब्जे में ले लिया है और उसे पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। फिलहाल पुलिस की टीमें अलग-अलग जगहों पर छापेमारी कर आरोपी की सरगर्मी से तलाश कर रही हैं। मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना प्रभारी शैल यादव ने आम जनता से सहयोग की अपील की है। उन्होंने कहा, यदि किसी भी व्यक्ति को आरोपी के संबंध में कोई भी जानकारी मिलती है या वह उसे कहीं भी देखता है, तो तुरंत गुढ़ पुलिस को सूचित करें। सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान पूरी तरह से गुप्त रखी जाएगी। पुलिस ने दावा किया है कि आरोपी को जल्द ही गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे भेज दिया जाएगा। इस घटना ने एक बार फिर पारिवारिक रिश्तों को तार-तार कर दिया है और स्थानीय लोग इस घटना से बेहद स्तब्ध हैं।
यह भी पढ़े: ट्रेन हादसे में पुल से गिरा युवक, गाय की मौत
https://www.primenewsnetwork.in/state/train-accident-cow-falls-from-bridge-youth-seriously-injured/203950