अमेठी के जगदीशपुर क्षेत्र में 75 वर्षीय बुजुर्ग किसान का शव घर के बरामदे में संदिग्ध परिस्थितियों में मिला।
Elderly Farmer Found Dead with Head Injuries at Home in Amethi, Probe Underway |
अमेठी (उत्तर प्रदेश)। जगदीशपुर कोतवाली क्षेत्र के पहाड़पुर गांव में रविवार सुबह एक 75 वर्षीय बुजुर्ग किसान का शव घर के बरामदे में चारपाई पर मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। मृतक के सिर पर गहरे घाव के निशान मिलने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। घटना की सूचना पर स्थानीय पुलिस के साथ फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और साक्ष्य जुटाने में जुट गई। पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी भी घटनास्थल के लिए रवाना हो गए।
घर के बरामदे में चारपाई पर सो रहे थे बुजुर्ग
जानकारी के अनुसार पहाड़पुर गांव निवासी अहमद (75) पुत्र जमा शनिवार रात अपने घर के बरामदे में चारपाई पर सो रहे थे। वह दृष्टिबाधित (अंधे) थे। रविवार सुबह जब परिजनों और ग्रामीणों की नजर उन पर पड़ी तो उनकी मौत हो चुकी थी। सिर पर गहरे घाव के निशान देखकर तत्काल पुलिस को सूचना दी गई।
शव को पोस्टमार्टम के लिया भेजा
पुलिस ने मौके का निरीक्षण कर शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजने की तैयारी शुरू कर दी है। फोरेंसिक टीम घटनास्थल से साक्ष्य एकत्र कर रही है। प्रारंभिक जांच में पुलिस सभी संभावित पहलुओं पर जांच कर रही है। बताया जा रहा है कि मृतक का घर गांव से बाहर जंगल से सटे इलाके में स्थित है। यही वजह है कि पुलिस जंगली जानवर के हमले की संभावना को भी खारिज नहीं कर रही है। हालांकि सिर पर गंभीर चोट होने के बावजूद घटनास्थल पर खून के निशान नहीं मिलने से मामला और रहस्यमय हो गया है।
हत्या के पीछे का कारण फिलहाल स्पष्ट नहीं
पुलिस के अनुसार मृतक के पास न तो अधिक जमीन थी और न ही कोई बड़ी आर्थिक संपत्ति, इसलिए हत्या के पीछे का कारण फिलहाल स्पष्ट नहीं हो सका है। पुलिस अधीक्षक सरवणन टी. ने बताया कि फिलहाल मौत का कारण स्पष्ट नहीं है। मृतक के सिर पर गहरे घाव मिले हैं, लेकिन आसपास खून के निशान नहीं हैं। चूंकि मकान जंगल से सटे क्षेत्र में है, इसलिए फोरेंसिक टीम के साथ वन विभाग की टीम को भी मौके पर बुलाया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फोरेंसिक जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
यह भी पढ़ें: इटावा में विवाहिता ने पति समेत छह पर दहेज उत्पीड़न का मुकदमा दर्ज कराया