मिर्जापुर में लड़की को धक्का लगने की बात पर हुए विवाद में 60 वर्षीय छयबर बियार की लाठी-डंडों से पिटाई कर दी गई। गंभीर रूप से घायल छयबर की इलाज के दौरान मौत हो गई।
मिर्ज़ापुर: यूपी के मिर्ज़ापुर जिले में लड़की को धक्का लगने की बात पर एक 60 वर्षीय बुजुर्ग की लाठी-डंडे से पीट-पीटकर कर हत्या करने के मामले में पुलिस ने घटना के 24 घंटे के अंदर तीन लोगों को गिरफ्तार कर लिया है। बता दें, जिले के जमालपुर थाना क्षेत्रांतर्गत ग्राम डोहरी में छयबर बियार को शुक्रवार को 7.30 बजे गली में एक वर्ग विशेष की लड़की को धक्का लगने की मामूली बात पर लाठी डंडे से पीट-पीटकर अधमरा कर दिया था। आनन-फानन में उपचार के लिए ले जाने पर उनकी उपचार के दौरान मौत हो गई थी।
मारपीट में घायल व्यक्ति की इलाज के दौरान मौत
इस मामले में 31 अक्टूबर 2026 को वादी शामा वियार पुत्र स्वर्गीय जदुनन्दन वियार निवासी डोहरी अमरपाथ थाना जमालपुर द्वारा नामजद लोगों के खिलाफ भाई छयबर की लाठी-डंडे से मारपीट कर गंभीर रूप से घायल करने और इलाज के दौरान मृत्यु होने के संबंध में लिखित तहरीर दी गई थी। उनकी तहरीर के आधार पर थाना जमालपुर पर मुअसं-188/2026 धारा 103(1),3(5) बीएनएस पंजीकृत कर विवेचना प्रारंभ की गई थी। इस मामले में पुलिस अधीक्षक अपर्णा रजत कौशिक द्वारा घटना को गंभीरता से लेते हुए क्षेत्राधिकारी लालगंज के नेतृत्व में दोषी सभी की यथाशीघ्र गिरफ्तारी के लिए थानाध्यक्ष जमालपुर को निर्देश दिए गए थे।
छयबर हत्याकांड में तीन आरोपी गिरफ्तार
1 नवंबर 2026 को थानाध्यक्ष जमालपुर अमित कुमार मय पुलिस टीम द्वारा मुखबिर की सूचना के आधार पर थाना जमालपुर क्षेत्र से छयबर की हत्या में वांछित मुन्नु अन्सारी पुत्र हफीजउल्ला अन्सारी निवासी डोहरी अमरपाथ, नसीम पुत्र मुन्नु अंसारी निवासी डोहरी अमरपाथ, सद्दाम अंसारी पुत्र शकुर अंसारी निवासी वार्ड नंबर 1 सैयदराजा थाना सैयदराजा जनपद चन्दौली को अंतर्गत धारा 103(1),3(5) बीएनएस में गिरफ्तार कर अग्रिम विधिक कार्यवाही करते हुए जेल भेजा गया है।
ये भी पढ़ें- 5 नवंबर को जौनपुर पहुंचेंगे नितिन गडकरी, बाईपास की रखेंगे आधारशिला