मोतिहारी के तुरकौलिया में पुलिस ने 4.95 लाख रुपये के जाली नोट बरामद कर शेख अयनुल को गिरफ्तार किया। कार्रवाई के दौरान एक अन्य आरोपी फरार हो गया, जिसकी तलाश जारी है।
मोतिहारी (बिहार)। पूर्वी चंपारण जिले के तुरकौलिया थाना क्षेत्र में पुलिस ने जाली भारतीय नोटों के कारोबार के खिलाफ एक बड़ी सफलता हासिल की है। गुप्त सूचना के आधार पर की गई कार्रवाई के दौरान पुलिस ने 4,95,000 रुपये (चार लाख पञ्चानबे हजार रुपये) के जाली नोटों के साथ एक अभियुक्त को धर दबोचा है, जबकि उसका एक साथी मौके से भागने में सफल रहा।
गुप्त सूचना पर एसडीपीओ के नेतृत्व में गठित हुई विशेष टीम
प्रेस को जानकारी देते हुए सदर वन एसडीपीओ दिलीप कुमार ने बताया कि दिनांक 26 अक्टूबर 2026 को तुरकौलिया थाना अंतर्गत संध्या गश्ती के दौरान पुलिस को यह गुप्त सूचना मिली थी कि कुछ संदिग्ध व्यक्तियों द्वारा क्षेत्र में भारतीय जाली नोटों का हेर-फेर किया जा रहा है। इस सूचना के सत्यापन और त्वरित कार्रवाई के लिए एसडीपीओ सदर-01 के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया।
सेमरा स्टेशन के पास वाहन जांच में एक आरोपी गिरफ्तार
गठित टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए सेमरा स्टेशन के समीप वाहन जांच शुरू की। जांच के क्रम में एक मोटरसाइकिल पर सवार दो संदिग्ध व्यक्तियों को रुकने का इशारा किया गया। पुलिस को देखते ही बाइक पर सवार एक व्यक्ति भागने में कामयाब हो गया, परंतु पुलिस बल ने तत्परता दिखाते हुए दूसरे व्यक्ति को दबोच लिया। गिरफ्तार आरोपी का पहचान बंजरिया थाना क्षेत्र के जनेरवा गांव निवासी शेख मजीर के पुत्र शेख अयनुल के रूप में हुई है।
आरोपी के पास से 4.95 लाख के जाली नोटों के 10 बंडल बरामद
तलाशी के दौरान गिरफ्तार अभियुक्त के पास से पुलिस ने 500 भारतीय जाली नोटों के कुल 10 बंडल बरामद किए गए, जिनकी कुल राशि 4,95,000/- रुपये आंकी गई है। पुलिस ने जाली नोटों को जब्त कर लिया है और भागे हुए दूसरे तस्कर की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।
जाली नोट तस्करी नेटवर्क के अन्य सदस्यों की तलाश में जुटी पुलिस
छापेमारी में सदर वन एसडीपीओ दिलीप कुमार, तुरकौलिया थानाध्यक्ष रणजीत कुमार, दारोगा रेणु कुमारी, दारोगा अमरजीत कुमार व जिला आसूचना इकाई टीम, सशस्त्र बल, तुरकौलिया थाना शामिल थे। पुलिस इस नेटवर्क के अन्य जुड़े सदस्यों और सरगना का पता लगाने के लिए आगे की कानूनी कार्रवाई में जुटी हुई है।
यह भी पढ़े: स्कूल अप्रूवल स्कैम में अंबिल महेश पोय्यामोझी को झटका, 6 नवंबर तक जेल में रहेंगे DMK नेता