शिवपुरी जिले के पिछोर थाना क्षेत्र के कमालपुर गांव में 20 वर्षीय राजकुमार लोधी की संदिग्ध परिस्थितियों में करंट लगने से मौत के बाद शुक्रवार को जमकर हंगामा हो गया।
मध्य प्रदेश : शिवपुरी जिले के पिछोर थाना क्षेत्र के कमालपुर गांव में 20 वर्षीय राजकुमार लोधी की संदिग्ध परिस्थितियों में करंट लगने से मौत के बाद शुक्रवार को जमकर हंगामा हो गया। मृतक के परिजनों ने गांव के कुछ लोगों पर हत्या का आरोप लगाते हुए पुलिस से हत्या का मामला दर्ज करने की मांग की। कार्रवाई नहीं होने से नाराज परिजनों ने राजकुमार का शव पिछोर थाने के सामने रखकर चक्का जाम कर दिया।
तीन घंटे तक सड़क पर लगा रहा जाम
करीब तीन घंटे तक चले प्रदर्शन के दौरान सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं, जिससे राहगीरों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। मौके पर पुलिस बल तैनात रहा और अधिकारियों ने परिजनों को समझाने का प्रयास किया।
परिजनों ने तीन लोगों पर लगाए आरोप
मृतक के पिता राम सिंह लोधी का आरोप है कि गांव के हनुमंत लोधी, विपिन लोधी और संबेल लोधी राजकुमार को खेत में दवाई डलवाने के बहाने अपने साथ ले गए थे। परिजनों का आरोप है कि वहां करंट लगाकर राजकुमार की हत्या कर दी गई। उन्होंने कहा कि शिकायत के बावजूद पुलिस हत्या का मामला दर्ज नहीं कर रही है, जिसके विरोध में उन्होंने प्रदर्शन किया।
पुलिस ने हादसे की बताई आशंका
वहीं पुलिस का कहना है कि प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि राजकुमार डीजे बैंड का काम पार्टनरशिप में करता था। डीजे वाहन में वेल्डिंग के दौरान करंट लगने से हादसा हुआ। पुलिस के अनुसार, उसके साथी उसे इलाज के लिए झांसी ले गए थे, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर होगी कार्रवाई
पिछोर थाना प्रभारी नीतू सिंह ने बताया कि मामले में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी गई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और परिजनों को समझाने का प्रयास जारी है।
यह भी पढ़े: मोरवा में कार के अंदर मिला 29 वर्षीय युवक का शव, हत्या की आशंका से सनसनी