बहराइच में रिश्तेदारी से घर लौट रहे एक किसान की डंपर की चपेट में आने से दर्दनाक मौत हो गई।
बहराइच (उत्तर प्रदेश)। जनपद में एक दर्दनाक सड़क हादसे ने हंसते-खेलते परिवार की खुशियां छीन लीं। रिश्तेदारी से घर लौट रहे 40 वर्षीय किसान दिनेश सिंह की डंपर की चपेट में आने से मौके पर ही मौत हो गई। हादसे की खबर मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई। जिस घर में कुछ देर पहले तक अपनों के लौटने का इंतजार था, वहां अब मातम पसरा है। मृतक अपने पीछे पत्नी और चार मासूम बच्चों को छोड़ गए हैं। परिवार के कमाऊ सदस्य की अचानक मौत से परिजनों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
बस और डंपर के बीच फंसी बाइक, जानलेवा साबित हुई टक्कर
प्राप्त जानकारी के अनुसार, कैसरगंज थाना क्षेत्र के निवासी दिनेश सिंह (40) अपनी बाइक से रिश्तेदारी से घर लौट रहे थे। इसी दौरान फखरपुर थाना क्षेत्र के मदन कोठी के पास उनकी बाइक सामने से आ रही बस और पीछे से आ रहे डंपर के बीच फंस गई। बताया जा रहा है कि डंपर की टक्कर लगने से दिनेश सिंह की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई। घटना को अंजाम देने के बाद डंपर चालक वाहन लेकर मौके से फरार हो गया।
सूचना पर पहुंची पुलिस, अज्ञात चालक की तलाश शुरू
सड़क हादसे की सूचना मिलते ही फखरपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरा और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है। हादसे के बाद मृतक के परिजनों और परिचितों में शोक की लहर दौड़ गई।
चार बच्चों के सिर से उठा पिता का साया, परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़
दिनेश सिंह की मौत से उनकी पत्नी गीता सिंह (35) की दुनिया उजड़ गई। परिवार में 15 वर्षीय शन्नू, 11 वर्षीय आयुष, 9 वर्षीय बृजपाल और 8 वर्षीय दुल्लर हैं। पिता की असमय मौत ने इन चारों बच्चों के भविष्य को लेकर परिवार की चिंताएं बढ़ा दी हैं।
यह भी पढ़ेंः बहराइच के हरदी क्षेत्र में झाड़ियों में मिला 70 वर्षीय बुजुर्ग का शव, एक कान कटा मिलने से फैली सनसनी