विदिशा। शहर के सोराई क्षेत्र में किसान गोविंद गुर्जर की आत्महत्या के मामले में पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई की है...
विदिशा में किसान ने प्रताड़ित होकर की थी खुदकुशी, पूर्व विधायक शशांक भार्गव पर FIR दर्ज |
विदिशा। शहर के सोराई क्षेत्र में किसान गोविंद गुर्जर की आत्महत्या के मामले में पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने कांग्रेस के पूर्व विधायक शशांक भार्गव के खिलाफ बीएनएस (BNS) की धारा 108 (आत्महत्या के लिए उकसाने) के तहत मामला दर्ज किया है।
किसान का शव रेलवे ट्रैक पर मिला
किसान गोविंद गुर्जर का शव 27 अप्रैल को पीपल वाली पुलिया के पास रेलवे ट्रैक पर मिला था। आत्महत्या से ठीक पहले गोविंद गुर्जर ने एक वीडियो बनाया था, जो अब इस मामले में सबसे अहम सबूत बनकर सामने आया है।
वीडियो में लगाए आरोप
वीडियो में गोविंद गुर्जर ने आरोप लगाया था कि पूर्व विधायक उनके पैसे नहीं लौटा रहे थे। इसके अलावा, उन पर कथित तौर पर दबाव बनाया जा रहा था कि वे केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान और विधायक टंडन के खिलाफ कुछ साजिश रचें।
पुलिस ने दर्ज की केस
हाईप्रोफाइल मामला होने के कारण इसकी जांच एसपी रोहित काशवानी के निर्देशन में एसटीएफ (STF) से कराई गई। किसान के मोबाइल से मिले वीडियो, ऑडियो रिकॉर्डिंग्स और परिजनों के बयानों के आधार पर यह FIR दर्ज की गई है। भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 108 के तहत, यदि दोष सिद्ध होता है, तो आरोपी को 10 साल तक की सजा का प्रावधान है।
वीडियो में लगाए गए आरोप गंभीर
परिजनों और वीडियो साक्ष्यों के अनुसार, किसान अपनी आर्थिक स्थिति और पूर्व विधायक द्वारा दी जा रही प्रताड़ना से काफी परेशान था। वीडियो में पैसे के लेनदेन के साथ-साथ राजनीतिक दबाव की बातें भी कही गई हैं। फिलहाल पुलिस सभी साक्ष्यों की गहनता से जांच कर रही है।
यह भी पढ़ें : https://www.primenewsnetwork.in/state/up-political-shake-up-sbsp-split-leaders-join-vip/182360