बछरांवा थाना क्षेत्र के घुरौना गांव में मंगलवार की रात नाली के मामूली विवाद ने खूनी रूप ले लिया। पड़ोसी पक्ष ने एकराय होकर किसान भगवानदीन यादव (50) की लोहे की सरिया से पीट-पीटकर हत्या कर दी।
रायबरेली {उत्तर प्रदेश}: बछरांवा थाना क्षेत्र के घुरौना गांव में मंगलवार की रात नाली के मामूली विवाद ने खूनी रूप ले लिया। पड़ोसी पक्ष ने एकराय होकर किसान भगवानदीन यादव (50) की लोहे की सरिया से पीट-पीटकर हत्या कर दी। घटना के बाद से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं, आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग को लेकर परिजनों और ग्रामीणों ने सीएचसी बछरावां में जमकर हंगामा और विरोध प्रदर्शन किया।
नाली को लेकर चल रहा था विवाद
घुरौना गांव निवासी भगवानदीन यादव पुत्र रामसेवक और उनके पड़ोसियों के खेत आसपास हैं। खेतों में पानी पहुंचाने के लिए दोनों पक्षों के बीच एक ही नाली है। दोनों ही पक्ष नाली पर अपना हक जताते हुए पहले पानी लगाने की जिद पर अड़े रहते थे, जिसके चलते काफी समय से रंजिश चल रही थी। मंगलवार रात करीब साढ़े सात बजे इसी बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। विवाद इतना बढ़ा कि नौबत मारपीट तक आ गई। आरोप है कि दूसरे पक्ष के लोगों ने एकजुट होकर भगवानदीन पर लोहे की सरिया से ताबड़तोड़ हमला बोल दिया। हमले में भगवानदीन के सिर, हाथ और पैरों पर गंभीर चोटें आईं और वह लहूलुहान होकर जमीन पर गिर पड़े।
सीएचसी में डॉक्टरों ने किया मृत घोषित
आसपास के लोगों की मदद से परिजन उन्हें तुरंत बछरावां सीएचसी लेकर पहुंचे, जहां इमरजेंसी में तैनात डॉक्टर भावेश यादव ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। मौत की सूचना मिलते ही सीएचसी परिसर में नाते-रिश्तेदारों और ग्रामीणों की भारी भीड़ जमा हो गई।
शव ले जाने से रोका, पुलिस से नोकझोंक
गुस्साए परिजनों ने पुलिस को शव पोस्टमार्टम के लिए ले जाने से रोक दिया। पिता रामसेवक ने फफकते हुए कहा कि उनके बेटे की हत्या की गई है। जब तक आरोपी गिरफ्तार नहीं होंगे, तब तक शव को उठाने नहीं दिया जाएगा। हंगामे की सूचना मिलते ही पुलिस बल मौके पर पहुंच गया। इस दौरान आक्रोशित परिजनों और पुलिस के बीच तीखी नोकझोंक भी हुई।
आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश
सीओ महराजगंज प्रदीप कुमार ने बताया कि नाली के विवाद में किसान की हत्या की पुष्टि हुई है। मृतक के पिता की तहरीर के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है।
ये भी पढ़ें: साइबर ठगों ने उड़ाई खाते से रकम, परेशान युवक ने फांसी लगाकर दी जान