फतेहपुर के रेरुआ गांव में लंबे समय से बीमारी से परेशान 40 वर्षीय युवक ने घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना के बाद गांव में शोक का माहौल है।
फतेहपुर (उत्तर प्रदेश)। हुसैनगंज थाना क्षेत्र के रेरुआ गांव में सोमवार सुबह एक दर्दनाक घटना सामने आई, जहां लंबे समय से बीमारी से परेशान 40 वर्षीय युवक ने घर के अंदर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। काफी देर तक घर में कोई हलचल न होने पर ग्रामीणों को शक हुआ। खिड़की से देखने पर युवक का शव फंदे से लटकता दिखाई दिया, जिसके बाद ग्रामीणों ने दरवाजे की कुंडी तोड़कर अंदर प्रवेश किया और शव को नीचे उतारा।
इकलौता भाई था कुलदीप
जानकारी के अनुसार रेरुआ गांव निवासी कुलदीप उर्फ घूरे साहू पुत्र स्वर्गीय रामसजीवन साहू घर में अकेले रहता था। सोमवार सुबह करीब सात बजे उसने कमरे का दरवाजा अंदर से बंद कर लिया और फांसी लगा ली। ग्रामीणों के मुताबिक कुलदीप चार बहनों का इकलौता भाई था। उसके माता-पिता का काफी समय पहले निधन हो चुका था और उसकी अभी तक शादी भी नहीं हुई थी। चारों बहनों का विवाह हो चुका है, जिसके चलते वह घर में अकेले ही जीवन यापन कर रहा था।
लंबे समय से था बीमारी से पीड़ित
बताया जा रहा है कि कुलदीप लंबे समय से बीमारी से पीड़ित था और इलाज के बावजूद उसे अपेक्षित राहत नहीं मिल रही थी। बीमारी और अकेलेपन के कारण वह मानसिक रूप से परेशान रहता था। ग्रामीणों ने आशंका जताई है कि इन्हीं परिस्थितियों से परेशान होकर उसने यह कदम उठाया। घटना की सूचना मिलने के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल फैल गया। मामले में पुलिस की कार्रवाई और अन्य परिस्थितियों की जानकारी की प्रतीक्षा की जा रही है।
यह भी पढ़ें: डिंडौरी में आदिवासी उपभोक्ता भंडार का ताला तोड़कर 14 बोरी गेहूं चोरी, एक आरोपी गिरफ्तार