प्राइम न्यूज़ – एक कसम, राष्ट्र प्रथम
Breaking News

घर में आग लगने से पिता और भतीजी की मौत

घर में आग लगने से पिता और भतीजी की मौत, एक युवती गंभीर रूप से घायल

औरंगाबाद जिले के रफीगंज प्रखंड में एक घर में संदिग्ध परिस्थितियों में आग लगने से पिता और उनकी एक भतीजी की मौत हो गई, जबकि दूसरी युवती गंभीर रूप से घायल हो गई।

घर में आग लगने से पिता और भतीजी की मौत एक युवती गंभीर रूप से घायल

घायलों को अस्पताल ले जाते लोग |

औरंगाबाद (बिहार)। रफीगंज प्रखंड के कासमा थाना क्षेत्र के मियांबिगहा गांव में देर रात घर में आग लगने से पिता समेत दो लोगों की मौत हो गई। जबकि एक युवती गंभीर रूप से घायल हो गई। घटना के बाद मौके पर पहुंची कासमा पुलिस और अग्निशमन विभाग की टीम ने आग पर काबू पाया। इसके बाद तीनों घायलों को इलाज के लिए रफीगंज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया। घायलों की पहचान मियांबिगहा गांव निवासी 50 वर्षीय मो. सलीम एवं गया जिले के गुरारू थाना क्षेत्र के बुधपुर गांव निवासी मो. तोहिद की 18 वर्षीय पुत्री आफरीन परवीन तथा 16 वर्षीय पुत्री चांदनी परवीन के रूप में हुई।

विवाद के चलते इश्तेखार ने घर में आग लगा दी

बताया गया कि दोनों बहनें पिछले पांच-छह वर्षों से अपनी फुआ के घर मियां बिगहा में रह रही थीं। ग्रामीण शदाब आलम के अनुसार, पारिवारिक विवाद को लेकर मो. सलीम और उनके बड़े पुत्र इश्तेखार के बीच विवाद चल रहा था। आरोप है कि इसी विवाद के चलते इश्तेखार ने घर में आग लगा दी, जिससे तीनों बुरी तरह झुलस गए। हालांकि, आग लगाने के कारणों और घटना की वास्तविक परिस्थितियों की पुलिस जांच कर रही है।

तीनों को बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल किया रेफर

रफीगंज सीएचसी में प्राथमिक उपचार के बाद तीनों को बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल रेफर किया गया। वहां से चिकित्सकों ने उन्हें मगध मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल, गया रेफर कर दिया। इलाज के दौरान मो. सलीम और आफरीन परवीन की मौत हो गई। वहीं चांदनी परवीन की स्थिति गंभीर बताई जा रही है।

घटना में दो लोगों की मौत, एक घायल

घटना की सूचना पर मदनपुर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी आदित्य कुमार, रफीगंज सर्किल इंस्पेक्टर विनय कृष्ण प्रसाद, कासमा थानाध्यक्ष रुपेश कुमार, एसआई अवधेश कुमार, एसआई नवीन कुमार और एएसआई शेख शेरे अली समेत अन्य पुलिस पदाधिकारी मौके पर पहुंचे। एसडीपीओ आदित्य कुमार ने बताया कि घटना में दो लोगों की मौत हुई है। इस दौरान पता चला कि मृतक सलीम अपने साले की दोनों पुत्रियों को घर में रखे हुए थे, इसी बात को लेकर पारिवारिक विवाद चल रहा था। घर में आग कैसे लगी और इसके पीछे क्या कारण है। इसकी जांच की जा रही है। 

यह भी पढ़ेंः 60 फीट गहरे तालाब में गाय को धकेला, विरोध करने पर दबंगों ने दी झूठे मुकदमों की धमकी

Related to this topic: