समस्तीपुर पुलिस केंद्र में पदस्थापित 32 वर्षीय महिला सिपाही मालती कुमारी की सदर अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई। गुरुवार देर रात पुलिस लाइन स्थित क्वार्टर में अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई।
समस्तीपुर: समस्तीपुर पुलिस केंद्र में पदस्थापित 32 वर्षीय महिला सिपाही मालती कुमारी की सदर अस्पताल में इलाज के दौरान हुई मौत, घटना शुक्रवार सुबह की है। सिपाही मालती कुमारी रोहतास जिले के चेनारी थाना क्षेत्र के मल्हीपुर गांव निवासी सीताराम सिंह की पुत्री थीं और पुलिस केंद्र में पदस्थापित थीं।
अचानक बिगड़ी तबीयत
जानकारी के अनुसार, गुरुवार की रात्रि लगभग 2 बजे पुलिस लाइन स्थित क्वार्टर में अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई। उन्हें पेट दर्द की शिकायत थी। उस समय वह अपने बच्चों और मां के साथ क्वार्टर में थीं। तबीयत बिगड़ने की सूचना पर सहकर्मियों ने उन्हें आनन-फानन में सदर अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड में भर्ती कराया। चिकित्सकों के परामर्श के बाद उन्हें आईसीयू में शिफ्ट किया गया। बताया जाता है कि आईसीयू में लगभग 2 घंटे इलाज चलने के बाद सुबह चार बजे उनकी मौत हो गई। महिला सिपाही की मौत के बाद उनके सहकर्मियों ने अस्पताल में इलाज में लापरवाही का आरोप लगाया। वहीं, इलाज़ करने वाले चिकित्सक और दो कर्मियों को घेर लिया।
अधिकारियों ने सदर अस्पताल पहुंचकर लिया जायजा
हादसे की सूचना मिलने पर SP अरविंद प्रताप सिंह, लाइन डीएसपी सुनील कुमार सिंह, डीएसपी दुर्गेश दीपक, नगर और मुफ्फसिल थानाध्यक्ष समेत पुलिस मेंस एसोसिएशन के सदस्य सदर अस्पताल पहुंचे और पूरे मामले की जानकारी ली। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सुरक्षित रखा है। परिजनों को घटना की सूचना दे दी गई है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों की स्थिति स्पष्ट होने की उम्मीद है।
ये भी पढ़ें- गौतम गंभीर का बड़ा बयान, वैभव सूर्यवंशी को करना होगा अपनी बारी का इंतज़ार