प्राइम न्यूज़ – एक कसम, राष्ट्र प्रथम
Breaking News

लखीसराय हादसे में क्या है मौत की असली वजह

लखीसराय हादसे में मौत की असली वजह आई सामने, प्रशासन ने करंट से मौत होने को बताया अफवाह

सावन के तीसरे सोमवार को लखीसराय के अशोक धाम मंदिर के पास अफवाह के चलते भगदड़ मचने से सात महिला श्रद्धालुओं की मौत हो गई और कई लोग घायल हुए।

लखीसराय हादसे में मौत की असली वजह आई सामने प्रशासन ने करंट से मौत होने को बताया अफवाह

Indradamneshwar Mahadev Temple Hadsa |

लखीसराय: सावन के तीसरे सोमवार को लखीसराय के प्रसिद्ध श्री इंद्रदमनेश्वर महादेव मंदिर अशोक धाम में सुबह बड़ा हादसा हो गया। मंदिर परिसर के पास अफवाह के बाद मची भगदड़ में सात महिला श्रद्धालुओं की मौत हो गई, जबकि कई अन्य घायल हो गए। शुरुआती दौर में 11 हजार वोल्ट के हाईटेंशन तार गिरने और करंट की चपेट में आने से मौत की बात सामने आई थी, लेकिन जिला प्रशासन ने इसे खारिज कर दिया है। जिलाधिकारी शैलेंद्र कुमार और एडीएम नीरज कुमार ने प्रेस वार्ता कर स्पष्ट किया कि मौतें करंट लगने से नहीं, बल्कि अफवाह के बाद मची भगदड़ में हुईं। 

कैसे मची भगदड़

प्रशासन के अनुसार, अशोक धाम हॉल्ट पर सोमवार सुबह एक ही समय पर दोनों दिशाओं से ट्रेनों के आने के कारण स्टेशन और मंदिर के आसपास अचानक भीड़ में अफरा-तफरी मच गई। कुछ युवकों के भागने के बाद देखते ही देखते बड़ी संख्या में श्रद्धालु भी घबराकर इधर-उधर भागने लगे। इसी दौरान एक बिजली का पोल गिर गया। पोल गिरते ही वहां मौजूद श्रद्धालुओं के बीच जमीन पर करंट फैलने की अफवाह तेजी से फैल गई। 

भीड़ में पैरों तले दबने से हुई मौत

प्रशासन ने बताया कि घटना के समय बिजली आपूर्ति बंद थी और जमीन पर गिरा तार भी कवर्ड यानी इंसुलेटेड था। इसके बावजूद अफवाह ने भीड़ में भय का माहौल पैदा कर दिया। अपनी जान बचाने के लिए लोग बेतहाशा भागने लगे। इसी दौरान कतार में लगीं कई महिलाएं जमीन पर गिर गईं और भीड़ के पैरों तले दबने से उनकी मौत हो गई।

इन महिलाओं की हुई मौत

प्रशासन की ओर से मृतक महिलाओं की पहचान की गई है। इनमें मनमाला देवी (44), पति निरंजन कुमार, बड़हिया वार्ड संख्या-12; रिंकू देवी (50), पति नीरज यादव, बऊटोला फरदा, मुंगेर; हेमलता देवी (55), पति सुरेंद्र यादव, प्रतापपुर, हलसी; ललिता देवी (50), पति गोरेलाल यादव, प्रतापपुर, हलसी; सविता कुमारी (35), पति रणवीर यादव, प्रतापपुर, हलसी; सरोज देवी (65), पति जनार्दन सिंह, बकांवा भदौर, पटना; और सावित्री देवी (49), पति मोहन यादव, चननिया, लखीसराय का नाम शामिल है।

मृतकों के परिजनों को दी गई 4-4 लाख रुपये की धन राशि 

घटना के बाद पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी तत्काल मौके पर पहुंचे। स्थानीय लोगों के सहयोग से राहत एवं बचाव कार्य चलाया गया और घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया। अशोक धाम भगदड़ में जान गंवाने वाली महिला श्रद्धालुओं के परिजनों को प्रशासन की ओर से चार-चार लाख रुपये की सहयोग राशि प्रदान की गई।  

ये भी पढ़ें- बाढ़ प्रभावित इलाकों में योगी सरकार की मजबूत तैयारी, राहत-बचाव के लिए मैदान में उतारा पूरा तंत्र
 

Related to this topic: