आजमगढ़ में एक शादी वाले घर में सुबह करीब पांच बजे आग लग गई। इस दौरान घर में रखा दहेज समेत जलकर राख हो गया। हादसे की सूचना मिलते ही दमकल की गाड़ियां मौके पर पहुंची।
आजमगढ़: शहर में कोट किला रोड स्थित नाला धर्मू मोहल्ले में सोमवार सुबह करीब पांच बजे महताब आलम के घर के बेसमेंट में आग लग गई। बेसमेंट में शादी समारोह के लिए बड़ी मात्रा में दहेज और अन्य सामान रखा हुआ था। आग की लपटें और घना धुआं उठता देख आसपास के लोगों में हड़कंप मच गया।
देखते ही देखते आग ने ले लिया विकराल रूप
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, आग शॉर्ट सर्किट के कारण लगी। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और बेसमेंट से धुआं निकलने लगा। स्थानीय लोगों ने तत्काल फायर ब्रिगेड को सूचना दी। सूचना मिलते ही दमकल की करीब पांच से छह गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग बुझाना शुरू किया।
पूरे इलाके में अफरा-तरफा का बन गया माहौल
बेसमेंट में बड़ी मात्रा में शादी का सामान रखा होने के कारण दमकल कर्मियों को आग पर काबू पाने में काफी मशक्कत करनी पड़ी। काफी प्रयास के बाद आग को नियंत्रित किया जा सका। घटना के दौरान मोहल्ले में बड़ी संख्या में लोगों की भीड़ जुट गई और पूरे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बना रहा।
हादसे वाले दिन ही होना था 'वलीमा'
परिजनों के मुताबिक, सोमवार को ही घर में वलीमा (निकाह के बाद दूल्हे पक्ष की ओर से दी जाने वाली विवाह की दावत या प्रीतिभोज) का आयोजन होना था और उसकी तैयारियां चल रही थीं। इसी बीच बेसमेंट में आग लगने से शादी के लिए रखा सामान उसकी चपेट में आ गया। आग से सामान जलने के कारण परिवार की शादी की तैयारियां भी प्रभावित हुई हैं। फिलहाल आग से हुए आर्थिक नुकसान का आकलन नहीं हो सका है। दमकल विभाग और संबंधित अधिकारियों द्वारा घटना की जांच की जा रही है।
ये भी पढ़ें- बैतूल में स्वतंत्रता दिवस पर बच्चों को बांटे गए एक्सपायरी बिस्कुट, नगर परिषद के खिलाफ कांग्रेस का प्रदर्शन