अमेठी में शनिवार सुबह संजय सिंह के जूते-चप्पल के गोदाम में आग लग गई। सूचना पर पहुंची दमकल टीम ने करीब आधे घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
अमेठी: जिले के कमरौली थाना क्षेत्र में शनिवार सुबह जूते-चप्पल के एक गोदाम में अचानक आग लग गई। आग लगने से गोदाम में रखा जूते-चप्पल का सामान जलकर खाक हो गया। गोदाम से तेज धुआं उठता देख आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने तत्काल फायर ब्रिगेड को सूचना दी। मौके पर पहुंची दमकल टीम ने करीब आधे घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। आग लगने का कारण अभी स्पष्ट नहीं हो सका है।
दमकल ने आधे घंटे में पाया काबू
घटना कमरौली थाना क्षेत्र के रोड नंबर-4 स्थित यूपीएसआईडीसी कॉलोनी के पास की है। यहां रहने वाले संजय सिंह का जूते-चप्पल का गोदाम है। शनिवार सुबह करीब 10 बजे अचानक गोदाम में आग लग गई। देखते ही देखते गोदाम से धुआं निकलने लगा। धुआं उठता देख गोदाम मालिक और आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए। आग की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची। दमकल कर्मियों ने आग बुझाने का प्रयास शुरू किया। करीब आधे घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया गया। समय रहते आग बुझाए जाने से स्थिति को नियंत्रित किया गया।
गोदाम में रखा सामान जलकर राख
आग की चपेट में आने से गोदाम में रखा जूते-चप्पल का सामान जल गया। घटना में हजारों रुपये के नुकसान की बात सामने आई है। हालांकि, नुकसान की वास्तविक कीमत का आकलन किया जाना बाकी है। आग लगने के कारणों को लेकर भी स्थिति स्पष्ट नहीं है। कमरौली थाना प्रभारी मुकेश पटेल ने बताया कि शनिवार सुबह करीब 10 बजे गोदाम में अज्ञात कारणों से आग लग गई थी। सूचना मिलने पर फायर ब्रिगेड की टीम ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पा लिया। आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है।
ये भी पढ़ें- वाराणसी में अवैध पटाखों पर पुलिस का एक्शन, 2500 किलो रसायन और 30 क्विंटल पटाखे ज़ब्त