जिले के मुंगावली तहसील स्थित बढ़ौली गांव में पिछले 15-20 दिनों से एक हैरान कर देने वाला और खौफनाक मामला सामने आया है।
अशोकनगर। जिले के मुंगावली तहसील स्थित बढ़ौली गांव में पिछले 15-20 दिनों से एक हैरान कर देने वाला और खौफनाक मामला सामने आया है। गांव के निवासी राजेश राजपूत के 15 सदस्यों का संयुक्त परिवार एक-के बाद एक हो रही रहस्यमयी आगजनी की घटनाओं से बेहद दहशत में है। आश्चर्य की बात यह है कि यह पीड़ित परिवार अपनी जान और माल बचाने के लिए जहां भी शरण ले रहा है, आग की लपटें वहां पहुंच जाती है। इस अंतहीन सिलसिले से न सिर्फ पूरा परिवार बल्कि प्रशासनिक अमला और ग्रामीण भी हैरत में हैं।
50 से अधिक बार लगी आग
बढ़ौली गांव के इस पीड़ित परिवार के घर और सामान में पिछले पखवाड़े से अब तक 50 से अधिक बार अचानक और रहस्यमयी तरीके से आग लग चुकी है। जब पीड़ित परिवार ने डर के मारे अपना मूल घर छोड़कर दूसरे मकान और धर्मशाला में शिफ्ट होने का फैसला किया, तो वहां भी आग लगने का सिलसिला नहीं थमा। परिवार जहां भी जाकर बैठता है, वहीं लपटें उठने लगती हैं।
प्रशासन ने शुरू की जांच
इस अजीबोगरीब घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची। जांच के लिए तकनीकी विशेषज्ञों की मदद ली जा रही है। वैज्ञानिक और भूगर्भीय गैस (Geological Gas) जैसे कारणों की संभावनाओं को खंगाला जा रहा है।
बच्चों के कपड़ों में भी भड़की आग
इस डरावने घटनाक्रम के बीच कुछ दिन पहले एक और खौफनाक मोड़ आया, जब घर में खेल रहे 3 साल के मासूम और किशोरियों के कपड़ों में अचानक खुद-ब-खुद आग लग गई। गनीमत यह रही कि आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत मुस्तैदी दिखाई और पानी डालकर बच्चों को सुरक्षित बचा लिया, जिससे एक बड़ा हादसा होने से टल गया।
अधिकारियों के सामने भी लगी आग
घर के मुखिया राजेश राजपूत ने बताया कि पूरा परिवार इस समय भारी मानसिक तनाव और दहशत के साए में जी रहा है। घर की पूरी गृहस्थी जलकर खाक हो चुकी है और संपन्न परिवार अब सड़क पर आने को मजबूर है। मामले की गंभीरता को देखते हुए जब एसडीएम (SDM) और थाना प्रभारी खुद जांच के लिए मौके पर पहुंचे, तो उनके सामने भी अचानक आग भड़क उठी। फिलहाल, प्रशासन पूरी तरह अलर्ट पर है और 24 घंटे स्थिति पर नजर रखी जा रही है। घटना के पीछे कोई वैज्ञानिक कारण है, भूगर्भीय गैस का रिसाव है या कोई और वजह, इसकी सभी एंगलों से गहराई से तफ्तीश की जा रही है।
यह भी पढ़े: तबादले अब अलग होंगे, विशेष मामलों में छूट