मुरादाबाद जिले के कुंदरकी थाना क्षेत्र के चक खिताबपुर गांव में मामूली विवाद में दो युवकों पर फायरिंग कर दी गई। हमले में 22 वर्षीय युवक की मौके पर मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया।
मुरादाबाद (उत्तर प्रदेश): जिले के कुंदरकी थाना क्षेत्र के गांव चक खिताबपुर उर्फ खनुपुरा में रविवार सुबह मामली विवाद ने खूनी रूप ले लिया। दो पक्षों के बीच कहासुनी के बाद बदमाशों ने घर के दरवाजे पर खड़े और खेत जाते दो युवकों पर ताबड़तोड़ गोलियां बरसा दीं। हमले में 22 वर्षीय युवक की मौके पर मौत हो गई, जबकि 35 वर्षीय युवक गंभीर रूप से घायल हो गया।
गर्दन में गोली लगने से मौके पर ही मौत
मृतक की पहचान अंकित पुत्र कल्लू जाटव के रूप में हुई। वह अपने घर के दरवाजे पर खड़ा था। गर्दन में गोली लगने से उसकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई। वहीं, आशीष चौधरी पुत्र सुखवीर खेत पर जा रहा था। सिर में गोली लगने से वह गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पुलिस-प्रशासन के आला अधिकारी पहुंचे मौके पर
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस क्षेत्र अधिकारी बिलारी व एसपी देहात कुंवर आकाश सिंह मौके पर पहुंचे। बाद में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सतपाल अंतिल, जिलाधिकारी डॉ राजेंद्र पेंसिया ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया। एसपी देहात ने परिजनों को समझा-बुझाकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया।
गोबर डालने को लेकर दो पक्षों में हुआ विवाद
एसपी सतपाल अंतिल ने बताया कि गोबर डालने को लेकर दो पक्षों में विवाद हुआ था। इसी दौरान गोली चली, जिसमें एक युवक की मौत हो गई। जबकि, दूसरे पक्ष का एक युवक घायल है। दोनों पक्षों की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है। घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल है। परिजनों ने आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग को लेकर हंगामा किया। फिलहाल गांव में पुलिस बल तैनात कर हमलावरों की तलाश की जा रही है।