गुवाहाटी स्थित बोरा सर्विस क्षेत्र में होटल बिलास इन के पास गोलीबारी की घटना में पांच लोगों की मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति घायल है।
गुवाहाटी (असम)। गुवाहाटी के उलुबारी इलाके में स्थित एक होटल के पास देर रात हुई गोलीबारी की घटना में पांच लोगों की मौत हो गई है, जिसके बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
रात करीब 9 बजे घटी घटना
गुवाहाटी के पुलिस कमिश्नर पार्थ सारथी महंत ने बताया कि गुवाहाटी के बोरा सर्विस क्षेत्र स्थित होटल बिलास् इन में हुई गोलीबारी की इस घटना में पांच लोग मारे गए और एक अन्य घायल हो गया। पुलिस ने घटना के एक घंटे के भीतर ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। उन्होंने कहा, "आज रात करीब 9 बजे गुवाहाटी के बोरा सर्विस क्षेत्र में स्थित होटल बिलास् इन में गोलीबारी की एक दुर्भाग्यपूर्ण घटना घटी। छह लोगों को गोली लगी, जिनमें से पांच ने दम तोड़ दिया। एक व्यक्ति का इलाज चल रहा है और आरोपी को पकड़ लिया गया है। घटना में इस्तेमाल हथियार को भी जब्त कर लिया गया है।"
आरोपी को एक एक घंटे के भीतर पकड़ा
पुलिस कमिश्नर ने बताया कि आरोपी की पहचान घनाकांत गोगोई के रूप में हुई है, जिसे एक घंटे के भीतर पकड़ लिया गया और उससे पूछताछ जारी है। उन्होंने कहा, "प्राथमिक जांच के आधार पर हमें संदेह है कि यह घटना होटल बिलास् इन के लीज (किराये/पट्टे) समझौते से जुड़े संपत्ति विवाद के कारण हुई है। जांच अभी शुरुआती चरण में है।"
जान गंवाने वाले पांच लोगों में से चार एक ही परिवार के
पीड़ितों के बारे में जानकारी देते हुए अधिकारी ने बताया कि जान गंवाने वाले पांच लोगों में से चार एक ही परिवार के थे, जबकि पांचवां व्यक्ति उनके गांव का ही था। घायल व्यक्ति भी उसी गांव से ताल्लुक रखता है। पुलिस कमिश्नर ने कहा कि यह विवाद होटल के मालिक पक्ष और उस व्यक्ति के बीच था जिसने संपत्ति को लीज पर लिया था। आरोपी ने ही होटल को लीज पर लिया था। मामले के हर पहलू की वैज्ञानिक और गहन जांच की जा रही है।
(इनपुट: ANI)
यह भी पढ़ेंः खड़गे की पीएम मोदी के पिता पर टिप्पणी से सियासी घमासान, भाजपा नेताओं ने की कड़ी निंदा और माफी की मांग