औरंगाबाद के मदनपुर थाना क्षेत्र के हाजीपुर गांव में तालाब में डूबने से पांच वर्षीय पम्मी कुमारी की मौत हो गई। खेलते समय पैर फिसलने से बच्ची गहरे पानी में गिर गई थी।
औरंगााबाद: तालाब में डूबने से पांच वर्षीय मासूम बच्ची की दर्दनाक मौत हो गई। घटना मदनपुर थाना क्षेत्र के बनिया पंचायत अंतर्गत हाजीपुर गांव की है। मृत बच्ची की पहचान उस गांव निवासी अर्जुन कुमार पासवान की पुत्री पम्मी कुमारी के रूप में हुई है।
तालाब में डूबने से बच्ची की मौत
परिजनों के अनुसार, रविवार को पम्मी कुमारी अपनी बड़ी बहन के साथ गांव स्थित तालाब पर गई थी। उसकी बड़ी बहन तालाब के किनारे कपड़े धो रही थी, जबकि पम्मी वहीं आसपास खेल रही थी। इसी दौरान खेलते-खेलते अचानक उसका पैर फिसल गया और वह गहरे पानी में जा गिरी। कुछ देर तक बच्ची के दिखाई नहीं देने पर परिजनों और ग्रामीणों ने उसकी तलाश शुरू की। काफी प्रयास के बाद ग्रामीणों ने पम्मी को तालाब से बाहर निकाला। इसके बाद परिजन और ग्रामीण उसे आनन-फानन में इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, मदनपुर लेकर पहुंचे। जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद पम्मी को मृत घोषित कर दिया।
पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंपा शव
घटना की सूचना मिलते ही मदनपुर थाना पुलिस अस्पताल पहुंची। पुलिस ने परिजनों से आवश्यक पूछताछ करने के बाद शव को अपने कब्जे में लिया और जरूरी कानूनी प्रक्रिया पूरी की। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल, औरंगाबाद भेज दिया गया। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को अंतिम संस्कार के लिए सौंप दिया गया। पम्मी की असमय मौत से परिजनों में कोहराम मच गया। वहीं गांव में मातमी सन्नाटा पसरा है। थानाध्यक्ष राजेश कुमार ने बताया कि पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया है। मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है।
ये भी पढ़ें- यामानाशी के गवर्नर ने जापानी प्रतिनिधिमंडल के साथ किए बाबा विश्वनाथ के दर्शन