गोह थाना क्षेत्र में मंगलवार की शाम अपने पोते को दशहरा मेला घुमाने जा रहे 50 वर्षीय रामचंद्र साव की सड़क हादसे में मौत हो गई।
औरंगाबाद: गोह थाना क्षेत्र में मंगलवार की शाम अपने पोते को दशहरा मेला घुमाने जा रहे 50 वर्षीय रामचंद्र साव की सड़क हादसे में मौत हो गई। गयाजी-दाउदनगर राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या 120 पर पशु मेला के समीप तेज रफ्तार बाइक ने उन्हें टक्कर मार दी। हादसे के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने मुआवजे की मांग को लेकर एनएच-120 को करीब डेढ़ घंटे तक जाम रखा।
तेज रफ्तार बाइक की टक्कर से मौत
पुलिस के समझाने और आश्वासन के बाद ग्रामीणों ने जाम हटाया, जिसके बाद यातायात बहाल हो सका। टक्कर इतनी गंभीर थी कि रामचंद्र साव की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद आसपास के लोगों की भीड़ जुट गई। बाइक सवार के मौके से फरार होने की भी सूचना है। घटना की जानकारी मिलते ही मृतक के परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। रामचंद्र साव की मौत से आक्रोशित ग्रामीण सड़क पर उतर आए और एनएच-120 को जाम कर दिया। इस दौरान लोगों ने प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की और मृतक के आश्रितों को उचित मुआवजा देने की मांग की। ग्रामीणों का कहना था कि मृतक के परिवार को प्रशासन की ओर से आर्थिक सहायता दी जानी चाहिए। सड़क जाम होने से राजमार्ग पर वाहनों का आवागमन पूरी तरह बाधित हो गया।
डेढ़ घंटे तक बाधित रहा यातायात
करीब डेढ़ घंटे तक जाम रहने के कारण वाहन चालकों और राहगीरों को परेशानी का सामना करना पड़ा। घटना की सूचना मिलते ही गोह थानाध्यक्ष राजीव कुमार पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने आक्रोशित ग्रामीणों को समझाने का प्रयास किया और मुआवजे की मांग को लेकर आश्वासन दिया। इसके बाद ग्रामीणों ने सड़क से जाम हटा लिया। करीब डेढ़ घंटे बाद एनएच-120 पर यातायात बहाल हो सका। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए औरंगाबाद सदर अस्पताल भेज दिया। मामले की जांच की जा रही है। इस घटना से मृतक के परिजनों में दशहरा की खुशियां मातम में बदल गईं। रो-रोकर उनका बुरा हाल है। वहीं, आसपास के इलाके में मातम पसरा हुआ है।
ये भी पढ़ें: मां शारदा के दर्शन करने जा रहे श्रद्धालुओं की कार ट्रक में घुसी, पांच घायल; दो की हालत गंभीर