हैदराबाद के मियापुर में भारी बारिश के बाद एक 70 वर्षीय व्यक्ति खुले मैनहोल में गिरकर बह गया। बचाव दल और स्थानीय अधिकारी नाले में उसकी तलाश कर रहे हैं।
तेलंगाना: हैदराबाद के मियापुर पुलिस थाना क्षेत्र में भारी बारिश के बाद कल देर रात एक 70 वर्षीय व्यक्ति खुले मैनहोल में गिरकर बह गया। घटना की सूचना मिलते ही बचाव दल मौके पर पहुंचा और उसकी तलाश में लग गया।
नाले में चलाया जा रहा तलाशी अभियान
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, मृतक की पहचान हाफिजपेट के प्रेम नगर निवासी बालैया के रूप में हुई है। मियापुर पुलिस थाना के एक अधिकारी ने घटना के बारे में बताया, कल रात हमें सूचना मिली कि हाफिजपेट के प्रेम नगर निवासी 70 वर्षीय बालैया नाम का एक व्यक्ति खुले मैनहोल में गिरकर बह गया। बचाव दल मौके पर पहुंच गए हैं और उसकी तलाश में जुटे हैं। स्थानीय अधिकारी और आपदा राहत दल लापता बुजुर्ग व्यक्ति को खोजने के लिए नाले में तलाशी अभियान चला रहे हैं।
इससे पहले डूबने की वजह से चार युवकों की हुई थी मौत
इससे पहले 28 जुलाई को तेलंगाना के निज़ामाबाद जिले में राम सागर परियोजना (एसआरएसपी) में चार युवकों के डूबने के बाद तीन शव बरामद किए गए, जबकि चौथे व्यक्ति की तलाश जारी है। पुलिस ने बताया कि निज़ामाबाद पुलिस के अनुसार, चारों युवक परियोजना क्षेत्र में प्रवेश कर चुके थे, तभी वे डूब गए। सूचना मिलते ही पुलिस और बचाव दल मौके पर पहुंचे और बचाव अभियान शुरू किया।
तीन शव किए गए बरामद
पुलिस ने बताया कि तीन शव बरामद कर लिए गए हैं, जबकि चौथे युवक की तलाश जारी है। पुलिस के अनुसार, मृतकों में से तीन अर्शपल्ली के निवासी थे, जबकि चौथा युवक हैदराबाद का रहने वाला था। पुलिस ने बताया कि बरामद शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। घटना की आगे की जांच जारी है।
(एएनआई)
ये भी पढ़ें- NEET प्रदर्शनकारियों पर कार्रवाई नहीं करेगी बंगाल सरकार, आपराधिक रिकॉर्ड वालों पर रहेगी नजर