नरसिंहपुर में पुलिस ने 12 पेटी देशी शराब और 4.80 लाख का मशरूका के साथ एक कार जब्त की है।
In Narsinghpur, police seized a car with 12 cases of country liquor, recovered contraband worth Rs 4.80 lakh |
नरसिंहपुर (मध्य प्रदेश)। सागर जिले में जहरीली शराब पीने से हुई मौतों के बाद भी जिले का आबकारी विभाग पूरी तरह से सुस्त है। लगातार हो रहीं कार्रवाईयां सिर्फ पुलिस तक सीमित हैं। इसी क्रम में एक बार फिर नरसिंहपुर एसपी डॉ. ऋषिकेश मीणा के निर्देशन में चलाए जा रहे अभियान के अंतर्गत ठेमी पुलिस ने कार समेत पौने पांच लाख रुपए की अवैध देशी शराब जब्त की है। इस कार्रवाई के बाद आबकारी अधिकारियों की निगरानी, सजगता पर सवालिया निशान खड़े हो गए हैं।
विश्वसनीय सूत्रों से प्राप्त हुई सूचना
जानकारी अनुसार थाना ठेमी अंतर्गत पुलिस टीम को विश्वसनीय सूचना प्राप्त हुई कि बड़गुवां तिराहे के पास स्थित कच्चे रास्ते से एक व्यक्ति चार पहिया वाहन के माध्यम से भारी मात्रा में अवैध शराब लेकर जाने वाला है। सूचना पर पुलिस टीम द्वारा तत्काल मौके पर घेराबंदी की गई। कुछ समय पश्चात सूचना के अनुसार एक व्यक्ति चारपहिया वाहन लेकर आता दिखाई दिया, जिसे पुलिस टीम द्वारा रोकने का प्रयास किया गया।
वाहन की तलाशी में 12 पेटी देशी मसाला शराब बरामद
पुलिस को देखकर चालक वाहन लेकर भागने लगा, जिस पर पुलिस टीम द्वारा तत्काल पीछा कर हिकमत अमली से वाहन को रोकने में सफलता प्राप्त की गई। वाहन की तलाशी लेने पर उसमें से 12 पेटी देशी मसाला शराब मिली। पुलिस ने कार समेत इस अवैध शराब को जब्त किया। साथ ही इसकी तस्करी कर रहे मलाहपिपरिया गांव निवासी छोटेलाल उर्फ मथानी पटेल को गिरफ्तार कर उसके विरुद्ध धारा 34(2) आबकारी एक्ट के तहत प्रकरण पंजीबद्ध किया गया। इस कार्रवाई में ठेमी थाना प्रभारी एसआई प्रकाश पाठक, एसआई दिलीप सिंह सिसोदिया, प्रधान आरक्षक कुलदीप सिंह ठाकुर शामिल रहे।
यह भी पढ़ेंः घर के बाहर खेलते-खेलते गायब हुआ 2 वर्षीय अनस, 22 घंटे बाद तालाब से मिला शव