इंदौर की नीट (NEET) छात्रा निक्की यादव की मौत पर परिजनों ने अपहरण और हत्या की आशंका जताई है। पुलिस इसे नर्मदा नदी में कूदकर खुदकुशी मान रही है, जबकि मामले की उच्च स्तरीय जांच की मांग तेज हो गई है।
खरगौन (मध्यप्रदेश)। इंदौर की होनहार नीट (NEET) छात्रा निक्की यादव की मौत के मामले में एक बड़ा और चौंकाने वाला मामला सामने आ गया है। शुरुआती जांच के आधार पर पुलिस बड़वाह में नर्मदा नदी के पुल से कूदकर खुदकुशी करना मान रही है।
छात्रा के परिजनों ने उच्च स्तरीय जांच की मांग की
वहीं, मृतका के परिजनों ने मामले में अपहरण और हत्या की गंभीर आशंका जताई है। छात्रा के परिजनों ने निष्पक्ष उच्च स्तरीय जांच की मांग की है। पूरे घटनाक्रम के बीच मंगलवार सुबह करीब 9:30 बजे महेश्वर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में महिला चिकित्सकों की एक विशेष टीम ने शव का पोस्टमार्टम किया।
पुलिस ने दर्ज किए बयान
अस्पताल परिसर में बने पोस्टमार्टम कक्ष के बाहर सुबह से ही शोकाकुल परिजन बैठे हुए हैं। मौके पर मौजूद करही थाने की सब इंस्पेक्टर शकुंतला डुडवे ने मामले से जुड़े महत्वपूर्ण बयान दर्ज किए हैं। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के तुरंत बाद शव को अंतिम संस्कार के लिए परिजनों के सुपुर्द कर दिया जाएगा। फिलहाल मामला जांच में हैं।