राजनांदगांव में पुलिस ने अंतर्राज्यीय गांजा तस्करी का खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया और 23 किलो से अधिक गांजा बरामद किया।
राजनांदगांव (छत्तीसगढ़)। जिले की चिचोला पुलिस ने अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए अंतर्राज्यीय गांजा तस्करी के मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 23 किलो 270 ग्राम गांजा, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 10 लाख 10 हजार रुपये बताई जा रही है, बरामद किया है। साथ ही 300 रुपये की बिक्री रकम और एक मोबाइल फोन भी जब्त किया गया है।
दो युवक बैग में गांजा रखकर खोज रहे थे ग्राहक
पुलिस के मुताबिक, मुखबिर से सूचना मिली थी कि चिचोला बस स्टैंड के पास दो युवक बैग में गांजा रखकर बिक्री के लिए ग्राहक तलाश रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस ने घेराबंदी कर दोनों संदिग्धों को पकड़ लिया। पूछताछ में आरोपियों ने अपनी पहचान महाराष्ट्र के अकोला निवासी मोहम्मद समीर और आयाज खान के रूप में बताई।
पुलिस ने दोनों को आरोपियों को गिरफ्तार
तलाशी के दौरान दोनों के बैग से कुल 23.270 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ। पुलिस ने मादक पदार्थ, बिक्री की रकम और मोबाइल जब्त कर आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(बी) के तहत मामला दर्ज किया। दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
नशे के खिलाफ अभियान जारी
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कीर्तन राठौर और एसडीओपी केसरीनंदन नायक के मार्गदर्शन में चौकी प्रभारी निरीक्षक योगेश पटेल एवं उनकी टीम ने की। पुलिस ने कहा कि जिले में नशे के कारोबार के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा।
यह भी पढ़ेंः गौरेला में पशु तस्करी से बरामद हुए 7 मवेशी और एक की हुई मौत, एक गिरफ्तार और दो आरोपी फरार