जयपुर के सीतापुरा सेंटर पर तकनीकी खराबी और छात्रों के हंगामे के चलते NEET-PG 2026 परीक्षा स्थगित। अब यह एग्जाम 5 सितंबर को दोपहर 3 बजे होगा। NBEMS जल्द जारी करेगा नए एडमिट कार्ड।
जयपुर (राजस्थान)। जयपुर के सीतापुरा स्थित iON डिजिटल जोन परीक्षा केंद्र पर बिजली कटौती और तकनीकी खराबी के कारण NEET-PG 2026 परीक्षा को स्थगित कर दिया गया है। केंद्र पर बार-बार आ रही रुकावटों के बाद उम्मीदवारों ने जमकर विरोध प्रदर्शन किया था। नेशनल बोर्ड ऑफ एग्जामिनेशंस इन मेडिकल साइंसेज (NBEMS) ने स्पष्ट किया है कि इस सेंटर पर आवंटित सभी परीक्षार्थियों के लिए अब यह परीक्षा 5 सितंबर को दोपहर 3 बजे आयोजित की जाएगी। NBEMS ने एक नोटिस जारी कर बताया कि परीक्षा स्थल से जुड़ी आगे की जानकारी जल्द ही अलग से साझा की जाएगी और प्रभावित उम्मीदवारों के लिए नए एडमिट कार्ड भी जारी किए जाएंगे।
सिस्टम फेल होने पर प्रशासन ने लिया फैसला
मामले पर एडीएम (ADM) नरेंद्र वर्मा ने पत्रकारों को बताया, "हमने टीसीएस (TCS) की तकनीकी टीम, अपने अधिकारियों, उड़न दस्ते (फ्लाइंग स्क्वाड), पावर सप्लाई और निरीक्षण टीमों के साथ पूरी स्थिति पर चर्चा की है। बार-बार प्रयास के बावजूद सिस्टम लोड नहीं संभाल पा रहा था। छात्रों के साथ अन्याय न हो, इसे ध्यान में रखते हुए और यह मानते हुए कि इस सेंटर पर आज परीक्षा कराना संभव नहीं था, 5 सितंबर को दोपहर 3 बजे दोबारा परीक्षा कराने का निर्णय लिया गया है।"
सीतापुरा केंद्र पर छात्रों ने किया भारी हंगामा
इससे पहले, परीक्षा में आई गड़बड़ियों को लेकर सीतापुरा केंद्र पर छात्रों ने जोरदार हंगामा किया था। कुछ अभ्यर्थियों ने देशभर में परीक्षा रद्द करने की मांग भी की। व्यवस्थाओं पर सवाल उठाते हुए अभ्यर्थी विष्णु शर्मा ने कहा, "मैं यहां परीक्षा देने आया था। शुरुआत से ही सिस्टम बार-बार बंद हो रहा था। कंप्यूटर दो मिनट चलता और फिर क्रैश हो जाता। ऐसा कम से कम 20 बार हुआ। हम यह सोचकर सहयोग करते रहे कि शायद अब सब ठीक हो जाएगा, लेकिन समस्या बनी रही।"
(भाषांतर: Ravi Pandey । इनपुट: ANI)
यह भी पढ़ें: नगर निकाय चुनाव से पहले कांग्रेस को झटका, कार्यकर्ताओं में बढ़ी नाराजगी