जौनपुर जिले में कानून-व्यवस्था को और मजबूत करने के लिए जौनपुर पुलिस ने एक साथ बड़े स्तर पर अभियान चलाकर अपराधियों और फरार आरोपियों पर शिकंजा कसा है।
जौनपुर {उत्तरप्रदेश}। जिले में कानून-व्यवस्था को और मजबूत करने के लिए जौनपुर पुलिस ने एक साथ बड़े स्तर पर अभियान चलाकर अपराधियों और फरार आरोपियों पर शिकंजा कसा है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक कुँवर अनुपम सिंह के निर्देशन में 28 थानों की पुलिस टीमों ने वारंटी और वांछित अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए विशेष अभियान चलाया। अभियान के दौरान पुलिस ने अलग-अलग थाना क्षेत्रों में दबिश देकर कुल 205 अभियुक्तों को गिरफ्तार किया, जिसमें 14 वांछित और 191 NBW वारंटी अभियुक्त शामिल हैं।
खुटहन में सबसे ज्यादा गिरफ्तारियां
पुलिस की इस कार्रवाई में सबसे अधिक गिरफ्तारियां खुटहन थाना क्षेत्र से हुईं, जहां 13 NBW और 2 वांछित अभियुक्तों को पकड़ा गया। इसके अलावा चंदवक में 12, लाइन बाजार और गौराबादशाहपुर में 11-11 तथा मुंगराबादशाहपुर और मड़ियाहूं में 10-10 वारंटी अभियुक्त गिरफ्तार किए गए। शाहगंज से 7, खेतासराय से 6, सरपतहां से 9, सरायख्वाजा से 6, बक्सा से 8 और सिकरारा से 7 NBW आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार किया।
कई थाना क्षेत्रों में वांछित आरोपी भी पकड़े गए
वहीं जलालपुर थाना क्षेत्र में 6 NBW के साथ 4 वांछित, केराकत में 9 NBW के साथ 2 वांछित, बरसठी में 5 NBW के साथ 3 वांछित और जफराबाद में 4 NBW के साथ 3 वांछित अभियुक्तों की गिरफ्तारी की गई। जिले के अन्य थाना क्षेत्रों में भी पुलिस ने वारंटियों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए उन्हें गिरफ्तार किया।
28 थानों में एक साथ चला अभियान
एक साथ 28 थानों में चले इस अभियान से उन आरोपियों में हड़कंप मचा है, जो लंबे समय से पुलिस की गिरफ्त से बाहर चल रहे थे या जिनके खिलाफ न्यायालय से गैर जमानती वारंट जारी थे। पुलिस का कहना है कि कानून-व्यवस्था बनाए रखने और अपराध पर प्रभावी नियंत्रण के लिए वारंटी और वांछित अभियुक्तों की गिरफ्तारी का यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।
पुलिस ने दिया सख्त कार्रवाई का संदेश
यानी जौनपुर में पुलिस ने एक ही दिन में बड़ी कार्रवाई करते हुए साफ संदेश दे दिया है कि कानून की नजर से बचकर घूम रहे आरोपियों के लिए अब राहत की कोई गुंजाइश नहीं है।
ये भी पढ़ें: बहराइच में ससुराल में 22 वर्षीय विवाहिता की मौत से मचा हड़कंप, फंदे पर लटका मिला शव