जौनपुर की रामपुर थाना पुलिस ने स्कूल जाते समय हुए 10 वर्षीय मासूम के अपहरण की गुत्थी सुलझाते हुए मुंबई के तुर्वे सेक्टर-24 से अपहृत बालक को सकुशल बरामद कर लिया है।
जौनपुर (उत्तर प्रदेश)। स्कूल जाने के लिए घर से निकले 10 वर्षीय मासूम के अपहरण की गुत्थी सुलझाने के लिए जौनपुर पुलिस मुंबई तक पहुंच गई। रामपुर थाना पुलिस ने मुंबई के तुर्वे सेक्टर नंबर-24 से अपहृत बालक को बरामद करते हुए नामजद आरोपी अरबाज को गिरफ्तार कर लिया। छह दिनों से बालक की बरामदगी की कोशिशों में जुटी पुलिस की कार्रवाई के बाद परिवार ने राहत की सांस ली है।
घटना बीते 6 अक्टूबर 2026 की है
पुलिस के मुताबिक, घटना बीते 6 अक्टूबर 2026 की है। रामपुर थाना क्षेत्र के एक गांव में 10 वर्षीय बालक स्कूल जा रहा था। इसी दौरान आरोप है कि अरबाज अपने अन्य साथियों के साथ पहुंचा और बालक का मुंह ढककर उसे मोटरसाइकिल पर बैठा लिया। इसके बाद बालक को लेकर मुंबई चला गया। घटना के बाद मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर बालक की तलाश शुरू की।
पुलिस ने 10 अक्टूबर की रात आरोपी अरबाज को किया गिरफ्तार
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जौनपुर के निर्देश पर रामपुर पुलिस की टीम गठित की गई। बालक की बरामदगी और आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम मुंबई रवाना हुई। वहां स्थानीय पुलिस की मदद से तुर्वे सेक्टर नंबर-24 में कार्रवाई की गई। पुलिस ने 10 अक्टूबर की रात आरोपी अरबाज को गिरफ्तार करते हुए अपहृत बालक को बरामद कर लिया।
आरोपी पर 2025 में भी रामपुर थाने में एक अन्य मुकदमा दर्ज
11 अक्टूबर को पुलिस टीम आरोपी और बालक को लेकर जौनपुर पहुंची। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी अरबाज पुत्र स्वर्गीय इलियास रामपुर थाना क्षेत्र के गोपालापुर गांव का निवासी है। उसके खिलाफ वर्ष 2025 में भी रामपुर थाने में एक अन्य मुकदमा दर्ज है, जिसमें पॉक्सो एक्ट और एससी-एसटी एक्ट की धाराएं शामिल हैं। फिलहाल पुलिस मामले में आगे की विधिक कार्रवाई कर रही है। बालक की बरामदगी के बाद परिजनों में खुशी का माहौल है।
यह भी पढ़ेंः सीएम धामी ने किया संयुक्त पर्वतारोहण अभियान दल का स्वागत, माउंट मुकुट ईस्ट फतह करने पर दी बधाई