राजस्थान में सोशल मीडिया पर रील बनाने को लेकर एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया है. आरोप है कि वह व्यक्ति धारदार हथियार लेकर खुलेआम रील बना रहा था.
झालावाड़: राजस्थान में झालावाड़ जिला की खानपुर थाना पुलिस ने सोशल मीडिया पर धारदार हथियार (तलवार) लहराते हुए रील बनाकर वायरल करने वाले युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, युवक ने आमजन में भय का माहौल बनाने के उद्देश्य से वीडियो सोशल मीडिया पर पोस्ट किया था।
युनुस मोहम्मद के रूप में हुई पहचान
पुलिस अधीक्षक अमित कुमार के निर्देशन में चलाए जा रहे सोशल मीडिया मॉनिटरिंग अभियान के तहत थाना खानपुर के आरक्षी शुवेंद्र सिंह ने इंस्टाग्राम पर वायरल रील की पहचान की। जांच में सामने आया कि वीडियो में दिखाई देने वाला युवक युनुस मोहम्मद (46) पुत्र मजहर हुसैन, निवासी सारोला रोड, खानपुर है।
आमजन में भय बनाने की कोशिश
थानाधिकारी रवींद्र सिंह मय टीम ने तुरंत कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार, आरोपी धारदार हथियार के साथ रील बनाकर सोशल मीडिया पर अपलोड कर आमजन में भय एवं अपना दबदब बनाने की कोशिश कर रहा था। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट के प्रावधानों के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
खानपुर पुलिस ने आमजन से की अपील
इसके साथ ही खानपुर पुलिस ने आमजन से अपील की है कि सोशल मीडिया पर किसी भी प्रकार के हथियारों का प्रदर्शन या आपत्तिजनक एवं भड़काऊ सामग्री पोस्ट करने से बचें, अन्यथा संबंधित व्यक्तियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
ये भी पढ़ें- सिंगरौली में पावर ग्रिड टावर निर्माण के दौरान किसान की मौत, कार्रवाई को लेकर प्रशासन पर उठे सवाल