डिंडौरी जिले के कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम किसलपुरी के समीप देर रात एक गंभीर सड़क हादसा सामने आया है। पेट्रोल पंप के पास हुए इस हादसे में मोटरसाइकिल सवार दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए।
डिंडौरी {मध्य प्रदेश}: डिंडौरी जिले के कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम किसलपुरी के समीप देर रात एक गंभीर सड़क हादसा सामने आया है। पेट्रोल पंप के पास हुए इस हादसे में मोटरसाइकिल सवार दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
हादसे की सूचना पर पहुंची एंबुलेंस
घटना की जानकारी ग्रामीणों द्वारा तत्काल डायल-112 और 108 एंबुलेंस सेवा को दी गई। सूचना मिलते ही डायल-112 की मदद से जननी 108 इमरजेंसी वाहन मौके पर पहुंचा और दोनों घायलों को प्राथमिक सहायता देते हुए उपचार के लिए डिंडौरी जिला अस्पताल पहुंचाया गया। जहां दोनों युवकों का इलाज जारी है।
दोनों घायलों की हुई पहचान
पुलिस से मिली प्रारंभिक जानकारी के अनुसार घायलों की पहचान उमेश परस्ते और निलेश पट्टा, निवासी ग्राम कलगी, कलगी टोला के रूप में बताई गई है। हादसे में दोनों युवकों को गंभीर चोटें आई हैं। उनकी हालत नाजुक बताए जाने के कारण फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि दोनों युवक घटना से पहले कहां से आ रहे थे और उन्हें कहां जाना था।
बाइक का पंजीयन क्रमांक सामने आया
दुर्घटना में जिस मोटरसाइकिल के क्षतिग्रस्त होने की जानकारी सामने आई है, उसका पंजीयन क्रमांक एमपी 51 जेडसी 4680 बताया जा रहा है। हालांकि हादसा किन परिस्थितियों में हुआ, क्या बाइक अनियंत्रित होकर दुर्घटनाग्रस्त हुई या किसी अन्य वाहन से टक्कर हुई, इसकी स्थिति अभी स्पष्ट नहीं है।
हादसे की वजह तलाश रही पुलिस
फिलहाल कोतवाली पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है। पुलिस की जांच और मौके से सामने आने वाले तथ्यों के बाद ही सड़क हादसे की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी। वहीं जिला अस्पताल में दोनों घायलों का उपचार जारी है और उनकी गंभीर हालत को देखते हुए चिकित्सकों द्वारा लगातार निगरानी की जा रही है।
ये भी पढ़ें: बहराइच में चैन स्नैचिंग का 72 घंटे में खुलासा, मुठभेड़ में बदमाश के पैर में लगी गोली