बूंदी के कापरेन में चाकूबाजी में घायल पंकज मीणा की कोटा में मौत के बाद ग्रामीणों ने सड़क जाम कर आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की।
बूंदी: राजस्थान के बूंदी जिले के कापरेन थाना क्षेत्र में चाकूबाजी के मामले ने तूल पकड़ लिया है। कापरेन बाईपास पर हुए हमले में गंभीर रूप से घायल युवक पंकज मीणा की मंगलवार देर रात कोटा में उपचार के दौरान मौत हो गई। युवक की मौत की खबर कापरेन पहुंचते ही लोगों में आक्रोश फैल गया। गुस्साए परिजनों और ग्रामीणों ने बुधवार सुबह कापरेन बाईपास और मुख्य सड़क पर जाम लगा दिया। प्रदर्शनकारियों ने आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की।
विवाद के बाद चाकू से किया था हमला
जानकारी के अनुसार, दो दिन पहले कापरेन बाईपास पर दो पक्षों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया था। विवाद बढ़ने के बाद एक पक्ष ने पंकज मीणा पर चाकू से हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल पंकज को पहले कापरेन अस्पताल ले जाया गया, जहां से हालत गंभीर होने पर उसे कोटा रेफर किया गया था। कोटा में उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।
सड़क पर टायर जलाकर किया प्रदर्शन
पंकज की मौत की सूचना के बाद बड़ी संख्या में ग्रामीण और मीणा समाज के लोग कापरेन थाने के बाहर और बाईपास पर एकत्रित हो गए। प्रदर्शनकारियों ने सड़क पर टायर जलाए और पत्थर डालकर मार्ग अवरुद्ध कर दिया। जाम के कारण सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। परिजनों ने आरोपियों को जल्द गिरफ्तार करने के साथ ही मृतक के परिवार को उचित आर्थिक मुआवजा और सरकारी सहायता देने की मांग की।
अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर की समझाइश
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने अतिरिक्त पुलिस जाब्ता मौके पर भेजा। बूंदी से उपखंड अधिकारी और तहसीलदार भी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने गुस्साए परिजनों और ग्रामीणों से बातचीत कर उन्हें समझाया। प्रशासन की ओर से आश्वासन दिया गया कि आरोपियों को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा और पीड़ित परिवार को नियमानुसार हर संभव सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।
हत्या की धाराओं में केस दर्ज
कापरेन थाना पुलिस ने मामले में हत्या की धाराओं के तहत केस दर्ज किया है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की 3 अलग-अलग टीमें गठित की गई हैं, जो संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं। पुलिस के अनुसार, आरोपियों की पहचान कर ली गई है और उन्हें जल्द हिरासत में लेने के प्रयास किए जा रहे हैं।
कस्बे में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात
पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया है। घटना के बाद क्षेत्र में तनाव की स्थिति को देखते हुए कापरेन कस्बे में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। पुलिस और प्रशासन पूरे मामले पर नजर बनाए हुए हैं।
ये भी पढ़ें: रायबरेली AIIMS का कमाल: तेजाब पीने से बंद हो गया था खाने का रास्ता, आधुनिक तकनीक से 16 वर्षीय किशोर को दी नई जिंदगी