लखीसराय जिले के चार नवस्थापित राजकीय डिग्री कॉलेजों में नियमित पढ़ाई शुरू हो गई है, जिससे हजारों विद्यार्थियों को स्थानीय स्तर पर उच्च शिक्षा की सुविधा मिलेगी।
लखीसराय: लखीसराय जिले स्टूडेंट्स के लिए एक अच्छी खबर सामने आई है। जिले के चार नवस्थापित राजकीय डिग्री कॉलेजों में नियमित शैक्षणिक गतिविधियां शुरू हो गई हैं। अब जिले के हजारों छात्र-छात्राओं को उच्च शिक्षा के लिए दूसरे शहरों का रुख नहीं करना पड़ेगा।
इन कॉलेजों में शुरू हुई पढ़ाई
जिले के राजकीय डिग्री कॉलेज पिपरिया, राजकीय डिग्री कॉलेज हलसी, राजकीय डिग्री कॉलेज रामगढ़ चौक और राजकीय डिग्री कॉलेज चानन में पढ़ाई शुरू होने से शिक्षा के क्षेत्र में एक नई शुरुआत मानी जा रही है। इन कॉलेजों के संचालन से विशेष रूप से ग्रामीण और आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के विद्यार्थियों को बड़ा लाभ मिलेगा। अब उन्हें स्नातक की पढ़ाई के लिए दूर-दराज के शहरों में जाकर अतिरिक्त खर्च और कठिनाइयों का सामना नहीं करना पड़ेगा।
उच्च शिक्षा का दायरा होगा विस्तृत
स्थानीय लोगों और विद्यार्थियों ने इस पहल का स्वागत करते हुए इसे जिले के शैक्षणिक विकास की दिशा में ऐतिहासिक कदम बताया है। अभिभावकों का कहना है कि आसपास ही उच्च शिक्षा की सुविधा मिलने से छात्राओं की पढ़ाई भी अधिक सुरक्षित और सुगम होगी, जिससे उच्च शिक्षा में उनका नामांकन बढ़ने की उम्मीद है। शिक्षा से जुड़े जानकारों का मानना है कि इन चार कॉलेजों के शुरू होने से जिले में उच्च शिक्षा का दायरा विस्तृत होगा, नामांकन में वृद्धि होगी और युवाओं को बेहतर शैक्षणिक अवसर प्राप्त होंगे।
स्थानीय स्तर पर शैक्षणिक वातावरण को मिलेगी मजबूती
इसके साथ ही स्थानीय स्तर पर शैक्षणिक वातावरण को भी मजबूती मिलेगी। जिलावासियों ने राज्य सरकार और शिक्षा विभाग के इस निर्णय की सराहना करते हुए उम्मीद जताई है कि भविष्य में इन कॉलेजों में आधुनिक प्रयोगशालाएं, समृद्ध पुस्तकालय, पर्याप्त शिक्षकों की नियुक्ति और अन्य आवश्यक सुविधाएं भी उपलब्ध कराई जाएंगी, ताकि विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा मिल सके और लखीसराय शिक्षा के क्षेत्र में नई पहचान बना सके।
ये भी पढ़ें- भारत की पहली हाइड्रोजन ट्रेन को PM मोदी 17 जुलाई को दिखाएंगे हरी झंडी, रेलवे में नए युग की शुरुआत