प्राइम न्यूज़ – एक कसम, राष्ट्र प्रथम
Breaking News

औरंगाबाद में चार घरों में लाखों की चोरी

औरंगाबाद में चोरों का तांडव, एक ही रात चार घरों में लाखों की चोरी; गांव में दहशत का माहौल

सिंहपुर गांव में चोरों ने एक रात में चार घरों को निशाना बनाया और लाखों के गहने व नकदी चोरी कर ली, जिससे ग्रामीणों में दहशत फैल गई।

औरंगाबाद में चोरों का तांडव एक ही रात चार घरों में लाखों की चोरी गांव में दहशत का माहौल

Lakhs Stolen from Four Houses in Aurangabad |

औरंगाबाद {बिहार}: कुटुंबा प्रखंड क्षेत्र में लगातार बढ़ रही चोरी की घटनाओं ने लोगों की चिंता बढ़ा दी है। ग्रामीण इलाकों से लेकर कस्बाई क्षेत्रों तक सक्रिय चोरों ने सोमवार देर रात अंबा थाना क्षेत्र के सिंहपुर गांव में एक ही रात चार घरों को निशाना बनाकर लाखों रुपये के आभूषण और नकदी पर हाथ साफ कर दिया। घटना के बाद पूरे गांव में दहशत का माहौल है। पीड़ितों में रामाशीष मेहता, दिलीप मेहता, बृहस्पति मेहता और शहाबू अंसारी शामिल हैं।

छत के रास्ते घर में घुसे चोर

पीड़ितों के अनुसार, चोर छत के रास्ते घर में दाखिल हुए और सीढ़ियों से नीचे उतरकर वारदात को अंजाम दिया। चोरी के बाद मुख्य दरवाजा खोलकर फरार हो गए। घटना के समय सभी लोग घर और आंगन में सो रहे थे, लेकिन किसी को इसकी भनक तक नहीं लगी। रामाशीष मेहता ने बताया कि चोर उनके घर से एक बक्सा और ट्रॉली बैग ले गए। बैग में उनकी दो बेटियों के करीब पांच लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के आभूषण और वाहन की किस्त जमा करने के लिए रखे गए 1.10 लाख रुपये नकद थे। दिलीप मेहता ने बताया कि उनके घर से एक अटैची और बक्सा चोरी हुआ, जिसमें लगभग डेढ़ लाख रुपये के आभूषण और तीन हजार रुपये नकद रखे थे। चोरी के बाद चोर गांव के उत्तर दिशा स्थित टांड़ पर कपड़े फेंक गए, जिन्हें सुबह पीड़ितों ने बरामद कर लिया।

एक घर में नहीं मिला कीमती सामान

बृहस्पति मेहता के घर से एक बक्सा चोरी हुआ, जिसमें एक जोड़ी चांदी की पायल और छह हजार रुपये नकद रखे थे। वहीं शहाबू अंसारी के घर में घुसे चोरों ने बक्से का ताला तोड़ा, लेकिन उसमें कोई कीमती सामान नहीं मिलने पर उसे वहीं छोड़कर फरार हो गए। मंगलवार सुबह नींद खुलने पर सभी परिवारों को चोरी की जानकारी मिली। इसके बाद पीड़ितों ने डायल 112 पर सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। मंगलवार दोपहर एसडीपीओ सुशील कुमार और अंबा थानाध्यक्ष राहुल राज ने भी घटनास्थल का मुआयना कर पीड़ितों से जानकारी ली। थानाध्यक्ष राहुल राज ने बताया कि पीड़ितों द्वारा आवेदन दिया गया है। तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर मामले की जांच की जा रही है और पुलिस को जल्द ही घटना का खुलासा कर आरोपियों की गिरफ्तारी की उम्मीद है।

यह भी पढ़े: मंडला में भीषण सड़क हादसा, ट्रक से टकराकर कबाड़ बनी कार; चार युवक गंभीर घायल

Related to this topic: