लखनऊ के कमान अस्पताल में कमीशनिंग समारोह 2026 का आयोजन हुआ, जहां मिलिट्री नर्सिंग सर्विस को नए अधिकारी मिले। मेधावी कैडेटों को सम्मानित किया गया और राष्ट्रसेवा की शपथ दिलाई गई।
लखनऊ (उत्तर प्रदेश)। कमान अस्पताल, मध्य कमान लखनऊ के कॉलेज ऑफ नर्सिंग में कमांडेंट मेजर जनरल आलोक भल्ला, वीएसएम के दूरदर्शी नेतृत्व और ब्रिगेडियर प्रमीला केपी, प्रिंसिपल मैट्रन के मार्गदर्शन में 6 अगस्त 2026 को 'कमीशनिंग समारोह-2026' का आयोजन किया गया। इस विशेष समारोह में कड़े प्रशिक्षण और अनुशासन से परिपूर्ण ग्रेजुएट कैडेटों को मिलिट्री नर्सिंग सर्विस (एमएनएस) के अधिकारी के रूप में भारतीय सशस्त्र बलों में शामिल किया गया।

सैन्य स्वास्थ्य सेवा को मिली नई ताकत
कमीशनिंग समारोह के दौरान माहौल पूरी तरह से देशभक्ति और गर्व से सराबोर था। इस अवसर पर सेना चिकित्सा कोर केंद्र एवं कॉलेज के कमांडेंट एवं एएमसी अभिलेख प्रमुख लेफ्टिनेंट जनरल जे देबनाथ मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद थे। उनके साथ सेना के वरिष्ठ अधिकारी, गणमान्य व्यक्ति, फैकल्टी सदस्य, पूर्व छात्र और ग्रेजुएट होने वाले कैडेटों के गौरवान्वित परिवार भी उपस्थित थे।

राष्ट्र के प्रति पूर्ण रूप से समर्पित रहने का लिया संकल्प
नव-नियुक्त अधिकारियों ने ब्रिगेडियर परवीन रानी, ब्रिगेडियर एमएनएस, मध्य कमान द्वारा दिलाई गई प्रोफेशनल शपथ ली। उन्होंने नैतिक नर्सिंग प्रैक्टिस, क्लिनिकल उत्कृष्टता, रोगियों के प्रति करुणा और राष्ट्र के प्रति पूर्ण रूप से समर्पित रहने का संकल्प लिया। मुख्य अतिथि लेफ्टिनेंट जनरल जे देबनाथ ने नव-कमीशन अधिकारियों को बधाई दी। उन्होंने अपने संबोधन में इस बात पर विशेष प्रकाश डाला कि भारतीय सशस्त्र बलों की ऑपरेशनल तैयारी और आधुनिक हेल्थकेयर क्षमताओं को मजबूत करने में मिलिट्री नर्सिंग सर्विस की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है।

मेधावी कैडेटों को किया गया सम्मानित
कार्यक्रम के अंत में उन मेधावी कैडेटों को विशेष रूप से सम्मानित किया गया जिन्होंने एकेडमिक्स, क्लिनिकल दक्षता, नेतृत्व क्षमता और ओवरऑल परफॉर्मेंस में उत्कृष्ट प्रदर्शन किया था। समारोह का समापन औपचारिक धन्यवाद प्रस्ताव और एक यादगार ग्रुप फोटोग्राफ के साथ हुआ।
यह भी पढ़ें: यूपी में घुमंतू विकास बोर्ड बनेगा वंचित समाज के सशक्तिकरण का माध्यम, सीएम योगी का बड़ा ऐलान