प्राइम न्यूज़ – एक कसम, राष्ट्र प्रथम
Breaking News

प्रशासनिक जिम्मेदारियों का पुनर्विभाजन

जिले में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल, कलेक्टर ने अधिकारियों को सौंपी नई जिम्मेदारियां

प्रशासनिक व्यवस्था को अधिक प्रभावी और जवाबदेह बनाने के उद्देश्य से व्यापक फेरबदल कर नए आदेश तत्काल प्रभाव से लागू कर दिए हैं।

जिले में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल कलेक्टर ने अधिकारियों को सौंपी नई जिम्मेदारियां

Major Administrative Reshuffle in District, Collector Reassigns Responsibilities to Officials |

गौरेला-पेंड्रा-मरवाही,(छत्तीसगढ)। जिले में प्रशासनिक व्यवस्था को अधिक प्रभावी और जवाबदेह बनाने के उद्देश्य से कलेक्टर डॉ. संतोष कुमार देवांगन ने शुक्रवार को व्यापक प्रशासनिक फेरबदल करते हुए, अधिकारियों के कार्यों का पुनर्विभाजन किया है। दो अलग-अलग आदेश जारी कर जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी, अपर कलेक्टर, डिप्टी कलेक्टर, तहसीलदार एवं नायब तहसीलदारों को नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। आदेश तत्काल प्रभाव से लागू कर दिए गए हैं।

कार्य में गति लाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम

कलेक्टर ने पदभार ग्रहण करने के बाद करीब डेढ़ माह तक विभिन्न विभागों की कार्यप्रणाली और अधिकारियों के प्रदर्शन का आकलन किया। इसके आधार पर प्रशासनिक जरूरतों और कार्यकुशलता को ध्यान में रखते हुए, अधिकारियों के दायित्वों में बदलाव किया गया है। प्रशासनिक हलकों में इसे बेहतर समन्वय, जवाबदेही और कार्य में गति लाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

नए आदेश में बदले गए निम्न अधिकारी

नए आदेश के तहत जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी मुकेश रावटे को पंचायत एवं ग्रामीण विकास, शिक्षा, कृषि, उद्यानिकी, पशुपालन, मत्स्य पालन, बैगा विकास प्राधिकरण, पीएम जनमन योजना तथा अन्य ग्रामीण विकास से जुड़े विभागों की जिम्मेदारी सौंपी गई है। वहीं अपर कलेक्टर दिलेराम डाहिरे को कानून व्यवस्था के पर्यवेक्षण के साथ राजस्व अपील, प्राकृतिक आपदा, शस्त्र लाइसेंस, नगरीय निकाय, स्वास्थ्य, लोक निर्माण, वन, परिवहन, उद्योग तथा महिला एवं बाल विकास सहित कई महत्वपूर्ण विभागों का दायित्व दिया गया है।

डिप्टी कलेक्टरों के कार्यों का भी पुनर्वितरण

डिप्टी कलेक्टरों के कार्यों का भी पुनर्वितरण किया गया है। आकांक्षा पाण्डेय को स्थापना, वित्त, सूचना प्रौद्योगिकी एवं जनसंपर्क, विक्रांत कुमार अंचल को निर्वाचन, डीएमएफ, लोक सेवा गारंटी एवं शिकायत शाखा तथा देवेन्द्र कुमार सिरमौर को भू-अभिलेख, भूमि अर्जन, डायवर्सन, पर्यटन, संस्कृति एवं पर्यावरण सहित विभिन्न शाखाओं की जिम्मेदारी दी गई है।

तहसीलों की व्यवस्था मजबूत करने के निर्देश

तहसील स्तर पर भी फेरबदल करते हुए शेषनारायण जायसवाल को पेंड्रारोड से पेंड्रा, प्रीति शर्मा को मरवाही से पेंड्रारोड तथा अविनाश कुजुर को पेंड्रा से मरवाही तहसीलदार पदस्थ किया गया है। नायब तहसीलदारों को भी अतिरिक्त प्रभार सौंपते हुए उप तहसीलों की व्यवस्था मजबूत करने के निर्देश दिए गए हैं।

आम नागरिकों को समयबद्ध और बेहतर सेवाएं कराएं उपलब्ध

प्रशासनिक आदेश में डिप्टी कलेक्टर अमित बेक एवं निकिता मरकाम को अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) का दायित्व भी सौंपा गया है। जिला प्रशासन का मानना है, कि स्पष्ट कार्य विभाजन, लिंक अधिकारी प्रणाली और विभागवार जवाबदेही तय होने से प्रशासनिक कार्यों में तेजी आएगी तथा आम नागरिकों को समयबद्ध और बेहतर सेवाएं उपलब्ध कराई जा सकेंगी। 

यह भी पढ़ेंः बोरतलाव-गांधी नगर मार्ग बना दलदल, रोज़ जोखिम उठाने को मजबूर ग्रामीण

Related to this topic: