मुरैना ज़िले के माता बसैया थाना क्षेत्र में शुक्रवार रात एक व्यक्ति ने कथित तौर पर कुल्हाड़ी से अपनी पत्नी और दो नाबालिग बच्चों की हत्या करने के बाद ट्रेन के सामने कूदकर आत्महत्या कर ली है।
मुरैना (मध्य प्रदेश)। मुरैना ज़िले के माता बसैया थाना क्षेत्र से एक बेहद दर्दनाक और दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। थाना क्षेत्र के किशनपुर गाँव में शुक्रवार रात एक व्यक्ति ने कथित तौर पर कुल्हाड़ी से अपनी पत्नी और दो नाबालिग बच्चों की हत्या करने के बाद ट्रेन के सामने कूदकर आत्महत्या कर ली है। शनिवार सुबह जब पड़ोसियों को हत्याओं का पता चला तब उन्होंने इसकी सूचना पुलिस को दी।
सूचना मिलते ही घटनास्थल पर पहुंची पुलिस
मुरैना के पुलिस अधीक्षक (SP) धर्मराज मीणा ने कहा, "आज सुबह हमें किशनपुर गाँव में एक घटना की जानकारी मिली कि एक व्यक्ति ने अपने घर पर अपनी पत्नी और दो बच्चों की हत्या कर दी है। पुलिस तुरंत मौके पर पहुँची और पाया कि बलराम कुशवाहा नाम के व्यक्ति ने कथित तौर पर कुल्हाड़ी से अपनी पत्नी और दो बच्चों की हत्या कर दी थी। यह भी पता चला कि बलराम कुशवाहा ने ट्रेन के सामने कूदकर आत्महत्या कर ली।"
फोरेंसिक और FSL की टीम जांच में जुटी
अधिकारी ने बताया कि पुलिस की टीम और फोरेंसिक साइंस लेबोरेटरी (FSL) की टीम तुरंत घटनास्थल पर पहुँची और आगे की जाँच जारी है। उन्होंने आगे कहा, "प्रथम दृष्टया, यह मामला पीड़ित के चरित्र पर शक के कारण हत्या का लगता है, जिसके बाद आरोपी ने अपराध करने के बाद पश्चाताप में आत्महत्या कर ली।"
मायके से लौटने के दो दिन बाद ही फिर हुआ झगड़ा
मिली जानकारी के मुताबिक आरोपी बलराम कुशवाहा (35) का अपनी पत्नी रविता कुशवाहा (32) के साथ अक्सर झगड़ा होता रहता था। इसी अनबन के कारण रविता पिछले कुछ दिनों से कुटवार गाँव में अपने मायके में रह रही थी। दो दिन पहले, पंचायत-स्तर पर हुए समझौते के बाद बलराम उसे वापस किशनपुर गाँव ले आया। हालाँकि, शुक्रवार रात को दोनों के बीच फिर से झगड़ा हुआ। झगड़े के बाद बलराम ने गुस्से में आकर कथित तौर पर रविता और अपने दो नाबालिग बेटों पर कुल्हाड़ी से हमला किया, जिससे तीनों की मौके पर ही मौत हो गई। (Source: ANI)
यह भी पढ़ें: NCERT की सफाई: कक्षा 9 की नई सोशल साइंस किताब से नहीं हटे प्रस्तावना या 'सेक्युलर-समाजवादी' शब्द