मंदसौर में अज्ञात बदमाशों ने धारदार हथियार से एक व्यक्ति की हत्या कर दी। घटना के विरोध में परिजनों ने चक्काजाम किया, जिसे पुलिस के आश्वासन के बाद समाप्त किया गया।
मंदसौर (मध्यप्रदेश)। मंदसौर में शनिवार सुबह हुई एक सनसनीखेज हत्या के बाद शहर में तनाव का माहौल देखने को मिला। कोतवाली थाना क्षेत्र की अभिनंदन कॉलोनी में अज्ञात बदमाशों ने एक व्यक्ति की धारदार हथियार से हत्या कर दी। घटना के बाद परिजन और समाजजन बड़ी संख्या में सड़क पर उतर आए और गांधी चौराहे पर चक्काजाम कर आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी, उनके मकानों पर बुलडोजर कार्रवाई और पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा देने की मांग को लेकर धरने पर बैठ गए।
अज्ञात बदमाशों ने धारदार हथियार से किया हमला
हालांकि बाद में एडिशनल एसपी तेरसिंह बघेल के आश्वासन के बाद प्रदर्शन समाप्त कर दिया गया,दरअसल, शनिवार सुबह करीब साढ़े छह बजे अभिनंदन कॉलोनी निवासी 40 वर्षीय रवि माली रोज की तरह अपने खेत पर फूल तोड़ने के लिए निकले थे। इसी दौरान सुंदरम वाटिका के पास अज्ञात बदमाशों ने उन पर धारदार हथियार से ताबड़तोड़ हमला कर दिया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही डायल-112 और शहर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची तथा शव को जिला चिकित्सालय पहुंचाया गया, जहां पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपा गया।
आरोपियों को जल्द से जल्द गिरफ्तार करने की मांग
घटना से गुस्साए परिजन और माली समाज के लोगों ने पहले कोतवाली थाने पर पहुंचकर विरोध जताया और उसके बाद गांधी चौराहे पर चक्काजाम कर धरना शुरू कर दिया,प्रदर्शनकारियों ने मांग की कि आरोपियों को जल्द से जल्द गिरफ्तार कर उनके खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाए, आरोपियों के मकानों पर बुलडोजर चलाया जाए और पीड़ित परिवार को उचित आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई जाए।
पुलिस अज्ञात आरोपियों की तलाश में जुटी
मौके पर पहुंचे एडिशनल एसपी तेरसिंह बघेल ने प्रदर्शनकारियों से चर्चा की और निष्पक्ष जांच के साथ जल्द आरोपियों की गिरफ्तारी का भरोसा दिलाया। पुलिस के आश्वासन के बाद परिजनों और समाजजनों ने चक्काजाम समाप्त किया और शव को अंतिम संस्कार के लिए अपने घर लेकर रवाना हो गए,फिलहाल शहर कोतवाली पुलिस अज्ञात आरोपियों की तलाश में जुटी है। आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं और हर पहलू से मामले की जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा।
यह भी पढ़ेंः जमुई में हॉस्पिटल की छत से गिरकर युवक की मौत के विरोध में सड़क जाम, अस्पताल पहुंचे युवक को बदमाशों ने मारी गोली