बिहार के औरंगाबाद जिले के कुटुंबा थाना क्षेत्र के देवरिया रामपुर गांव में एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई।
औरंगाबाद (बिहार)। शुक्रवार की देर शाम एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। मामला कुटुंबा थाना क्षेत्र के देवरिया रामपुर गांव की है। मृतका की पहचान उस गांव निवासी अमित ठाकुर की 26 वर्षीय संध्या देवी के रूप में हुई है। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और शव को बरामद कर लिया। मृतका के मायके वालों ने दहेज़ हत्या करने का आरोप लगाया है। घटना के बाद पुलिस ने मृतका के पति और सास को गिरफ्तार कर लिया है।
कुटुंबा थाने में आवेदन देकर घटना की शिकायत
मृतका के पिता झारखंड के पलामू जिले के छतरपुर थाना क्षेत्र स्थित कंचनपुर गांव निवासी संजय ठाकुर ने कुटुंबा थाने में आवेदन देकर घटना की शिकायत की है। उन्होंने बताया कि वर्ष 2019 में उनकी बेटी संध्या देवी की शादी देवरिया रामपुर गांव निवासी कृष्ण ठाकुर के पुत्र अमित ठाकुर के साथ हुई थी. शादी के शुरुआती दिनों में सब कुछ सामान्य रहा, लेकिन बाद में दहेज को लेकर विवाद होने लगा। संजय ठाकुर ने पुलिस को दिए आवेदन में दामाद अमित ठाकुर, सास सुशीला देवी, ससुर कृष्ण ठाकुर और देवर अंकित ठाकुर को नामजद आरोपी बताया है।
25 सितंबर की देर शाम संध्या की मौत
उन्होंने बताया कि शादी के बाद उनकी बेटी को पति द्वारा दहेज की मांग को लेकर प्रताड़ित किया जाता था। इस दौरान सामाजिक और परिवारिक स्तर से कई समझौते हुए, लेकिन कोई फायदा नहीं हुआ। संध्या लगातार प्रताड़ित की जाती रही। मृतका के पिता ने बताया कि 25 सितंबर की देर शाम उनके दामाद अमित ठाकुर ने मोबाइल फोन पर सूचना दी कि संध्या छत से गिर गई है और उसकी मौत हो गई है। सूचना मिलने के बाद संजय ठाकुर अन्य परिजनों के साथ बेटी के ससुराल पहुंचे। वहां घर के अंदर संध्या का शव पड़ा हुआ था।
पुलिस से पूरे मामले की जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग
उनका कहना है कि संध्या की छत से गिरने से मौत नहीं हुई, बल्कि उसकी पीट-पीटकर और गला दबाकर हत्या की गई है। उन्होंने पुलिस से पूरे मामले की जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू की। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मृतका के पति अमित ठाकुर और सास सुशीला देवी को गिरफ्तार कर लिया है। थानाध्यक्ष चंद्रहास ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम करवा कर परिजनों को सौंप दिया गया है। मृतका के पिता द्वारा प्राप्त आवेदन के आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
यह भी पढ़ेंः समस्तीपुर पुलिस प्रशासन की कड़ी कार्रवाई, मुख्य आरोपियों के घरों पर चला बुलडोजर