उत्तर प्रदेश के मथुरा में 6 लाख रुपये हड़पने की नीयत से फर्जी लूट की कहानी रचने वाले एजेंट और उसके साथी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।
मथुरा (उत्तर प्रदेश)। छह लाख रुपये हड़पने के लिए एजेंट ने साथी के साथ मिलकर लूट की ऐसी कहानी रची कि पुलिस को भी सूचना दे दी। जांच में मामला खुला तो पुलिस ने एजेंट समेत दो आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से लूट की बताई गई पूरी छह लाख रुपये की रकम बरामद कर ली।
कुलदीप ने साथी अजीत के साथ मिलकर रकम हड़पने की योजना
पुलिस के अनुसार, 29 सितंबर को वादी ने एजेंट कुलदीप सिंह के खाते में छह लाख रुपये भेजे थे। उसे रुपये बैंक से निकालकर मथुरा लाने के लिए कहा गया था। कुलदीप ने साथी अजीत के साथ मिलकर रकम हड़पने की योजना बनाई। उसने इगलास और ग्रामीण बैंक बैसमा से तीन-तीन लाख रुपये निकालकर अजीत को सौंप दिए। दोनों ने रकम को हरोथा में छिपा दिया।
साजिश के तहत बाइक का अगला हिस्सा तोड़ा
इसके बाद साजिश के तहत कुलदीप ने अपनी बाइक का अगला हिस्सा तोड़ दिया और खाली बैग लेकर मथुरा की ओर निकल पड़ा। राया के पास हाईवे पर उसने पहले वादी और फिर डायल-112 पर छह लाख रुपये की लूट होने की सूचना दी। खाली बैग भी रास्ते में फेंक दिया। पुलिस की जांच में घटनाक्रम संदिग्ध मिलने पर पूछताछ की गई, जिसमें पूरी साजिश सामने आ गई।
छह लाख रुपये की रकम भी बरामद
थाना राया पुलिस, एसओजी, स्वॉट और सर्विलांस टीम ने शुक्रवार रात 12:42 बजे ग्राम हरोथा के बाहर सरकारी स्कूल के पार्क के पास से कुलदीप सिंह निवासी सरकोरिया, थाना गोरई, अलीगढ़ और अजीत निवासी नगला बधिया, थाना इगलास, अलीगढ़ को गिरफ्तार कर लिया। उनकी निशानदेही पर हरोथा में छिपाई गई छह लाख रुपये की रकम भी बरामद कर ली गई। पुलिस दोनों के खिलाफ विधिक कार्रवाई कर रही है।
थाना हाईवे क्षेत्र में डायल-112 पर फर्जी लूट की सूचना
थाना हाईवे क्षेत्र में डायल-112 पर फर्जी लूट की सूचना देकर छह लाख रुपये हड़पने वाले दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। वादी ने अपने एजेंट कुलदीप के खाते में छह लाख रुपये भेजे थे। कुलदीप ने साथी अजीत के साथ मिलकर रकम हड़पने की साजिश रची और बैंक से रुपये निकालकर अजीत को दे दिए। इसके बाद खाली बैग लेकर मथुरा आया और लूट की झूठी सूचना दी। पुलिस ने 24 घंटे में घटना का खुलासा कर दोनों को गिरफ्तार करते हुए छह लाख रुपये की शत-प्रतिशत बरामदगी की है।
यह भी पढ़ेंः आंगनबाड़ी सहायिका द्वारा बालिका से पैर दबवाने का वीडियो वायरल, परिजनों ने की सख्त कार्रवाई की मांग