मेरठ के किठौर में निर्माणाधीन हाईवे के पास पुलिस और शातिर चोरों के बीच मुठभेड़ हो गई। जवाबी फायरिंग में एक बदमाश पैर में गोली लगने से घायल हो गया, जबकि उसका साथी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया।
मेरठ (उत्तर प्रदेश)। उत्तर प्रदेश के मेरठ जिले के किठौर थाना क्षेत्र में देर रात पुलिस और शातिर अपराधियों के बीच हुई मुठभेड़ में एक बदमाश गोली लगने से घायल हो गया। आरोपी की पहचान मेरठ निवासी इरशाद के रूप में हुई है, जिसके दाहिने पैर में गोली लगी है। वहीं उसका साथी एहसान उर्फ 'काला' अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से भागने में सफल रहा।
मुखबिर की सूचना पर पुलिस की घेराबंदी
किठौर के सर्कल ऑफिसर (CO) विश्वज्योति राय ने मामले की जानकारी देते हुए बताया कि 15 अक्टूबर 2026 की रात थाना प्रभारी (SHO) रविंद्र कुमार अपनी टीम के साथ क्षेत्र में गश्त पर थे। इसी दौरान पुलिस को एक मुखबिर से सूचना मिली कि दो शातिर अपराधी निर्माणाधीन हाईवे के पास चोरी की नियत से छिपे हुए हैं।
सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने बताए गए ठिकाने पर पहुंचकर इलाके की घेराबंदी की और संदिग्धों को आत्मसमर्पण करने को कहा।
जान से मारने की नियत से फायरिंग, पुलिस ने की जवाबी कार्रवाई
पुलिस टीम को देखते ही दोनों बदमाशों ने जान से मारने की नियत से पुलिस पर ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। अचानक हुई इस फायरिंग के बाद पुलिस कर्मियों ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की। दोनों ओर से हुई गोलीबारी में एक गोली बदमाश इरशाद के दाहिने पैर में जा लगी, जिससे वह वहीं गिर पड़ा।
इस दौरान उसका दूसरा साथी एहसान उर्फ 'काला' अंधेरे का फायदा उठाते हुए झाड़ियों के रास्ते फरार हो गया।
अवैध असलहा बरामद, FSL टीम मौके पर
पुलिस अधिकारी के मुताबिक मुठभेड़ स्थल से एक .315 बोर का तमंचा, एक खोखा कारतूस, एक जिंदा कारतूस और चोरी का सामान बरामद हुआ है।
सीओ विश्वज्योति राय ने बताया, "घायल बदमाश इरशाद को तत्काल इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल भेज दिया गया है। दोनों आरोपियों का पुराना आपराधिक इतिहास है। मौके की बारीकी से जांच के लिए फोरेंसिक साइंस लैब (FSL) की टीम को बुलाया गया है और फरार आरोपी की तलाश में सर्च ऑपरेशन जारी है।"
(भाषांतर: Ravi Pandey । इनपुट: ANI)
यह भी पढ़ें: बरेली में 23 वर्षीय विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत, मायके वालों ने लगाया हत्या का आरोप