अमेरिका के टेनेसी में मेहसाणा के आखज गांव निवासी कारोबारी सुरेश पटेल की लूट के दौरान गोली मारकर हत्या कर दी गई। घटना के वक्त उनकी 19 वर्षीय बेटी भी स्टोर में मौजूद थी। पढ़ें पूरी खबर।
मेहसाणा (गुजरात)। अमेरिका के टेनेसी राज्य के जैक्सन शहर में मेहसाणा जिले के आखज गांव निवासी 62 वर्षीय कारोबारी सुरेश पारसोत्तमदास पटेल की गोली मारकर हत्या कर दी गई। घटना 20 अगस्त 2026 की रात उनके स्टोर में हुई, जहां उनकी 19 वर्षीय बेटी भी मौजूद थी। गांव निवासी के अनुसार, नकाब पहने हमलावर ने पहले कैश ड्रॉअर से डॉलर निकाले और फिर सुरेश पटेल को गोली मार दी, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
करीब 30 साल से अमेरिका में रह रहे थे सुरेश
मृतक की पहचान सुरेश पारसोत्तमदास पटेल के रूप में हुई है। वे करीब 30 वर्षों से अमेरिका में रह रहे थे। लंबे समय से शिकागो में रहने के बाद उन्होंने जैक्सन सिटी में नया कारोबार शुरू किया था। बताया गया है कि घटना से करीब एक सप्ताह पहले ही उन्होंने अपना नया स्टोर शुरू किया था।
नकाबपोश हमलावर ने पहले कैश ड्रॉअर से पैसे निकाले
आखज गांव निवासी दिनेश सुथार ने घटना की जानकारी देते हुए कहा, "इस दुखद खबर के बाद मेहसाणा जिले के आखज गांव में शोक का माहौल है। आखज गांव के मूल निवासी सुरेश पारसोत्तमदास पटेल, जो करीब 30 साल पहले अमेरिका में बस गए थे, की जैक्सन, टेनेसी में गोली मारकर हत्या कर दी गई।" दिनेश सुथार ने बताया, "सुरेश पटेल लंबे समय से शिकागो में रह रहे थे और घटना से करीब एक सप्ताह पहले ही उन्होंने जैक्सन सिटी में अपना नया स्टोर शुरू किया था।"
घटना को याद करते हुए सुथार ने कहा, "20 अगस्त 2026 की रात जींस और टी-शर्ट पहने तथा चेहरे पर नकाब लगाए एक लुटेरा उनके स्टोर में दाखिल हुआ। आरोपी ने पहले कैश ड्रॉअर से डॉलर चुराए और फिर सुरेश पटेल को गोली मार दी, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।"
घटना के दौरान बेटी थी पास
सुथार के मुताबिक, "पूरी घटना के दौरान सुरेश पटेल की 19 वर्षीय बेटी पास में ही खड़ी थी।" घटना की जानकारी सामने आने के बाद आखज गांव के लोगों में चिंता बढ़ गई है। अमेरिका में इस तरह के अपराध सामने आने को लेकर ग्रामीणों में भय और चिंता का माहौल है। पुलिस जांच की आगे की कार्रवाई की जानकारी फिलहाल उपलब्ध नहीं है।
(भाषांतर: Ravi Pandey । इनपुट: ANI)
यह भी पढ़ें: घटना से चार दिन पहले नौकरी पर लगा गार्ड दुष्कर्म के आरोप में गिरफ्तार