गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले में अवैध रेत उत्खनन और परिवहन के खिलाफ खनिज विभाग ने सख्त रुख अपनाते हुए दो हाईवा और चार ट्रैक्टरों को जब्त किया है।
गौरेला-पेंड्रा-मरवाही (छत्तीसगढ़)। जिले में अवैध रेत उत्खनन और परिवहन के खिलाफ खनिज विभाग ने सख्त रुख अपनाते हुए बड़ी कार्रवाई की है। कलेक्टर के निर्देश पर खनिज विभाग के उड़नदस्ता दल ने दो दिन में देर रात जांच अभियान चलाकर अवैध रूप से रेत परिवहन कर रहे 2 हाईवा और 4 ट्रैक्टरों को जब्त किया है।
कोलबीरा, रूमगा और विशेसरा क्षेत्र में चला जांच अभियान
जानकारी के अनुसार, खनिज विभाग की टीम ने 19 मई और 20 मई की रात में कोलबीरा, रूमगा और विशेसरा क्षेत्र में सघन जांच अभियान चलाया। इस दौरान बिना वैध दस्तावेज और रॉयल्टी पर्ची के रेत परिवहन करते हुए दो हाईवा और चार ट्रैक्टर पकड़े गए। दस्तावेज मांगने पर वाहन चालकों के पास कोई वैध कागजात नहीं मिले, जिसके बाद टीम ने तत्काल सभी वाहनों को जप्त कर लिया।
अर्धदंड भुगतान के बाद ही छोड़ी जाएगी जब्त वाहन
खनिज विभाग के अनुसार, सभी वाहनों के खिलाफ खान एवं खनिज (विकास एवं विनियमन) अधिनियम 1957 की धारा 21(1), 21(5) और 23(क) के तहत कार्रवाई की जा रही है। विभाग ने स्पष्ट किया है कि निर्धारित अर्थदंड या समझौता राशि जमा करने के बाद ही जब्त वाहनों को छोड़ा जाएगा।
लंबे समय से मिल रही थी अवैध रेत परिवहन की शिकायतें
खनिज विभाग के अधिकारी आदित्य मानकर ने बताया कि क्षेत्र में लंबे समय से अवैध रेत परिवहन की शिकायतें मिल रही थीं, जिसके बाद यह विशेष अभियान चलाया गया। कलेक्टर के सख्त निर्देश के बाद जिले में अवैध उत्खनन और परिवहन करने वालों पर लगातार नजर रखी जा रही है।
आगे भी जारी रहेगी कार्रवाई
सहायक खनिज अधिकारी आदित्य मानकर ने कहा कि जिले में अवैध खनन और परिवहन के खिलाफ इस तरह की कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी। कार्रवाई में खनिज निरीक्षक सुजीत कंवर, खनि सिपाही शिवकुमार लहरे और नगर सैनिक सतीश साहू सहित विभागीय टीम शामिल रही।
यह भी पढ़ें: चौकी निर्माण को लेकर चंदासी में विवाद, ग्रामीणों ने किया हंगामा