प्राइम न्यूज़ – एक कसम, राष्ट्र प्रथम
Breaking News

रायबरेली में मंत्री का चंद्रशेखर पर हमला

रायबरेली में चंद्रशेखर आजाद पर बरसे मंत्री दिनेश प्रताप सिंह, बोले- एक सदस्य के दम पर सरकार नहीं बनती

मंत्री दिनेश प्रताप सिंह ने चंद्रशेखर आजाद के तीसरे मोर्चे और सरकार बनाने के दावों को कोरी कल्पना बताते हुए तीखा हमला बोला।

रायबरेली में चंद्रशेखर आजाद पर बरसे मंत्री दिनेश प्रताप सिंह बोले- एक सदस्य के दम पर सरकार नहीं बनती

Minister Dinesh Singh Attacks Chandrashekhar Azad |

रायबरेली {उत्तर प्रदेश }: उत्तर प्रदेश सरकार के उद्यान एवं कृषि विपणन राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) दिनेश प्रताप सिंह ने सांसद चंद्रशेखर आजाद द्वारा तीसरे मोर्चे के गठन और सरकार बनाने-बिगाड़ने के दावों पर तीखा हमला बोला है। अपने आवास 'पंचवटी' पर आयोजित पत्रकार वार्ता में उन्होंने चंद्रशेखर के बयानों को 'कोरी कल्पना' और 'अति उत्साह' का परिणाम बताया।

'एक सदस्य के बूते सरकार बनाने का दावा कल्पना'

प्रेसवार्ता के दौरान दिनेश प्रताप सिंह ने तंज कसते हुए कहा कि अगर बच्चा पैदा होते ही बड़ी-बड़ी घोषणाएं करने लगे, तो यह अति उत्साह से अधिक और कुछ नहीं हो सकता। उन्होंने कहा कि सिर्फ एक सदस्य के बूते उत्तर प्रदेश या देश में अपनी या किसी और की सरकार बनाने का दावा करना पूरी तरह से कोरी कल्पना है।

समाज सेवा पर ध्यान देने की दी सलाह

उन्होंने आगे कहा कि वह चंद्रशेखर आजाद को शुभकामनाएं देते हैं कि वे समाज सेवा के क्षेत्र में मेहनत और परिश्रम करें। अभी राजनीति और जनसेवा के क्षेत्र में उन्हें कई परीक्षाएं देनी बाकी हैं। उन परीक्षाओं में सफल होकर वे उत्तर प्रदेश में एक अच्छे जनप्रतिनिधि के रूप में अपनी पहचान बनाएं, न कि सरकार बनाने और बिगाड़ने के खोखले दावे करें।

SIT पर उठाए सवालों का दिया जवाब

राम मंदिर के मुद्दे और एसआईटी जांच पर चंद्रशेखर द्वारा उठाए गए सवालों के जवाब में राज्यमंत्री ने कहा कि लोकतंत्र में सभी को अपनी बात रखने की स्वतंत्रता है, लेकिन उन्हें यह भी सोचना चाहिए कि यदि वे एसआईटी जैसी जांच एजेंसियों पर भरोसा नहीं करेंगे, तो जनता उन पर क्यों भरोसा करेगी।

'एक उंगली उठाने पर तीन उंगलियां खुद की ओर होती हैं'

दिनेश प्रताप सिंह ने नसीहत देते हुए कहा कि जब आप किसी की ओर एक उंगली उठाते हैं, तो तीन उंगलियां आपकी अपनी तरफ होती हैं। उन्होंने कहा कि सांसद चंद्रशेखर आजाद को यह ध्यान रखना चाहिए कि यदि वे जांच एजेंसियों को नकारेंगे, तो उन्हें नकारने वाले लोग भी इसी पावन भूमि पर मौजूद हैं।

यह भी पढ़े: भागलपुर में जिला विधिज्ञ संघ चुनाव प्रचार अंतिम चरण में, कल होगा मतदान; जानिए क्यों अलग है यह चुनाव

Related to this topic: