प्राइम न्यूज़ – एक कसम, राष्ट्र प्रथम
Breaking News

पटाखा फैक्ट्री में छोटे धमाकों पर ध्यान नहीं...

पटाखा फैक्ट्री में छोटे धमाकों पर ध्यान नहीं दिया तो बड़ा धमाका हो गया, मृतकों की संख्या 5 हुई

दमोह। ​बैरागढ़ स्थित एक अवैध पटाखा फैक्ट्री में भीषण विस्फोट हुआ, जिसमें 5 मजदूरों की मौके पर ही...

पटाखा फैक्ट्री में छोटे धमाकों पर ध्यान नहीं दिया तो बड़ा धमाका हो गया मृतकों की संख्या 5 हुई

पटाखा फैक्ट्री में छोटे धमाकों पर ध्यान नहीं दिया तो बड़ा धमाका हो गया, मृतकों की संख्या 5 हुई (प्रतीकात्मक फोटो) |

दमोह। ​बैरागढ़ स्थित एक अवैध पटाखा फैक्ट्री में भीषण विस्फोट हुआ, जिसमें 5 मजदूरों की मौके पर ही मौत हो गई और लगभग 25 अन्य घायल हो गए। धमाका इतना जोरदार था कि शवों के चिथड़े 150 फीट दूर तक जाकर गिरे। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, फैक्ट्री की दीवारें और टिन शेड उड़ गए और चारों तरफ धुंआ फैल गया।

प्रशासनिक लापरवाही और पटवारी की रिपोर्ट

रिपोर्ट के अनुसार, फैक्ट्री के संचालन में भारी नियमों का उल्लंघन किया गया था। पटवारी की रिपोर्ट में साफ उल्लेख था कि फैक्ट्री आबादी क्षेत्र से मात्र 500 मीटर और एक पेट्रोल पंप से महज 700 मीटर की दूरी पर स्थित है। इसके बावजूद फैक्ट्री को बारूद और पटाखों के निर्माण की अनुमति दे दी गई। मालूम हो कि 14 मार्च को भी इस फैक्ट्री में आग लगी थी। ग्रामीणों और सरपंच ने इसकी शिकायत की थी, लेकिन कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। फैक्ट्री का लाइसेंस 23 दिसंबर 2025 तक वैध था, और ताज्जुब की बात यह है कि 6 मई 2026 को इसका रिन्यूअल (नवीनीकरण) भी कर दिया गया था।

​चश्मदीद ने बताया, पानी लेने गया था तो मैं बच गया, भाई का शव मिला

​घायल मजदूर नीरज पासवान ने बताया कि फैक्ट्री के एक हिस्से में करीब 30 मजदूर खाना खा रहे थे। नीरज पानी लेने के लिए बाहर निकला ही था कि जोरदार धमाका हुआ। अस्पताल पहुँचने पर उसे अपने भाई धीरज का शव मिला।

फैक्ट्री संचालक राष्ट्रीय सुरक्षा कानून के तहत गिरफ्तार

फैक्ट्री संचालक अनिल मालवीय को राष्ट्रीय सुरक्षा कानून (NSA) के तहत गिरफ्तार किया गया है। घटना के बाद कलेक्टर ने फैक्ट्री का लाइसेंस तत्काल प्रभाव से निरस्त कर दिया है। सोशल मीडिया पर आरोपी संचालक की देवास सांसद के साथ फोटो वायरल होने के बाद राजनीति गरमा गई है। कांग्रेस ने इसे प्रशासन की मिलीभगत बताया है। ग्रामीण पहले भी छोटे धमाकों और आग लगने की घटनाओं की शिकायत कर चुके थे, जिसे प्रशासन ने नजरअंदाज किया, जिसका नतीजा इस बड़े हादसे के रूप में सामने आया।

यह भी पढ़ें : https://www.primenewsnetwork.in/india/piyush-goyal-on-india-us-trade-deal-best-deal-compared-to-neighbouring/131831
 

Related to this topic: