बांदा में दो दिन से लापता 13 वर्षीय अनुज का शव केन नदी में मिला। स्थानीय लोगों ने हत्या की आशंका जताई है, हालांकि इसकी पुष्टि नहीं हुई है।
बांदा (उत्तर प्रदेश)। शहर के कटरा स्थित नूनिया मोहल्ले में उस समय मातम छा गया, जब दो दिन से लापता 13 वर्षीय अनुज का शव केन नदी में मिला। अनुज को आखिरी बार दो दिन पहले शाम करीब आठ बजे देखा गया था। इसके बाद वह अचानक लापता हो गया था। परिजन और मोहल्ले के लोग उसकी तलाश कर रहे थे, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिल सका। बुधवार को नदी में शव मिलने की खबर से पूरे मोहल्ले में शोक की लहर दौड़ गई।
माता-पिता की मौत के बाद छोटे भाई के साथ रहता था अनुज
बताया जाता है कि अनुज और उसके छोटे भाई के माता-पिता की पहले ही मौत हो चुकी थी। दोनों बच्चे मोहल्ले के लोगों के सहारे जीवन गुजार रहे थे। स्थानीय लोग अपनी सामर्थ्य के अनुसार उन्हें भोजन और जरूरत की दूसरी चीजें उपलब्ध कराते थे। कोई उन्हें खाना खिलाता तो कोई मुश्किल समय में उनकी मदद करता था। अब अनुज की मौत के बाद उसके छोटे भाई के भविष्य को लेकर भी मोहल्ले के लोगों की चिंता बढ़ गई है।
स्थानीय लोगों ने जताई हत्या की आशंका
मोहल्ले के निवासी राज पांडेय ने बताया कि अनुज कभी केन नदी में नहाने नहीं जाता था। ऐसे में उसका शव नदी में मिलने से कई सवाल खड़े हो गए हैं। स्थानीय लोगों ने उसकी मौत के पीछे हत्या की आशंका जताई है। हालांकि, अभी तक हत्या की पुष्टि नहीं हुई है। घटना को लेकर मोहल्ले के लोगों में दुख के साथ-साथ कई तरह की आशंकाएं भी हैं।
हादसा या हत्या, जांच के बाद सामने आएगी सच्चाई
अनुज की मौत के बाद कई सवाल उठ रहे हैं। आखिर दो दिन पहले लापता हुए अनुज की मौत कैसे हुई? वह किन परिस्थितियों में केन नदी तक पहुंचा? क्या उसकी मौत नदी में डूबने से हुई या इसके पीछे कोई दूसरी वजह है? फिलहाल इन सवालों के जवाब सामने नहीं आए हैं। मौत की वास्तविक वजह पुलिस जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।
यह भी पढ़ें: मोबाइल दुकान का शटर तोड़कर उड़ाए थे 20 फोन, पुलिस ने 17 वर्षीय किशोर को किया गिरफ्तार