मुंगेर में 10वीं का छात्र शिवम कुमार लापता हो गया। मोबाइल और चप्पल मिलने के बाद पुलिस ने एसडीआरएफ के साथ गंगा में तलाश शुरू की, लेकिन अभी तक सुराग नहीं मिला है।
मुंगेर (बिहार)। जमालपुर थाना क्षेत्र के खलासी मोहल्ला निवासी 10वीं के छात्र शिवम कुमार (16) के रहस्यमय ढंग से लापता होने का मामला गुरुवार को और उलझ गया। छात्र का मोबाइल श्रीकृष्ण सेतु स्थित पुलिस पिकेट में मिला, जबकि कुछ दूरी पर पाया संख्या-9 के पास उसकी चप्पल बरामद हुई। इसके बाद पुलिस ने एसडीआरएफ और स्थानीय गोताखोरों की मदद से गंगा में घंटों सर्च ऑपरेशन चलाया, लेकिन देर शाम तक छात्र का कोई सुराग नहीं मिला।
प्रेम प्रसंग में अपहरण और हत्या का आरोप
परिजनों ने प्रेम प्रसंग में अपहरण कर हत्या करने और शव गंगा में फेंकने का आरोप लगाया है। पुलिस प्रेम प्रसंग, अपहरण और अन्य सभी पहलुओं पर जांच कर रही है। नगर निगम में जमादार के पद पर कार्यरत बीरेंद्र बिंद का पुत्र शिवम बुधवार शाम ट्यूशन से घर लौटा था। शाम करीब सात बजे वह दोबारा घर से निकला, लेकिन देर रात तक वापस नहीं आया। काफी खोजबीन के बाद भी जब उसका पता नहीं चला तो परिजन जमालपुर थाना पहुंचे। पुलिस ने मोबाइल की अंतिम लोकेशन के आधार पर श्रीकृष्ण सेतु और आसपास के इलाकों में तलाश कराई, लेकिन सफलता नहीं मिली।
मोबाइल और चप्पल मिलने के बाद गंगा में तलाश
गुरुवार सुबह श्रीकृष्ण सेतु पुलिस पिकेट में शिवम का मोबाइल मिलने की सूचना मिली। इसके कुछ ही दूरी पर पुल के पाया संख्या-9 के पास उसकी चप्पल भी बरामद हुई। इसके बाद पुलिस ने एसडीआरएफ और स्थानीय गोताखोरों की टीम को बुलाकर गंगा में सर्च अभियान शुरू कराया। कई घंटे तक चले अभियान के बावजूद छात्र का कोई सुराग नहीं मिल सका।
ट्यूशन संस्थान और प्रेम संबंध की जांच
जांच के दौरान पुलिस ने उस ट्यूशन संस्थान में भी पूछताछ की, जहां शिवम पढ़ने जाता था। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि उसका पिछले करीब दो वर्षों से एक युवती के साथ प्रेम संबंध था। घटना वाले दिन दोनों के बीच किसी बात को लेकर विवाद होने की भी जानकारी पुलिस को मिली है।
परिजनों ने की बरामदगी और निष्पक्ष जांच की मांग
परिजनों का आरोप है कि प्रेम प्रसंग को लेकर युवती के स्वजनों ने शिवम का अपहरण कर उसकी हत्या कर दी और साक्ष्य मिटाने के लिए शव गंगा में फेंक दिया। परिजनों ने जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक से मिलकर बेटे की बरामदगी और निष्पक्ष जांच की मांग की है। पुलिस का कहना है कि छात्र की तलाश जारी है।
यह भी पढ़ें: राजनांदगांव में तीन बच्चों की मौत मामले में एफआईआर की मांग, छह लोगों पर कार्रवाई की मांग