राजधानी लखनऊ के विकास नगर इलाके में एक महिला के साथ छेड़खानी करने वाले आरोपी को पुलिस ने रविवार सुबह एक मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया है।
लखनऊ (उत्तर प्रदेश)। राजधानी लखनऊ के विकास नगर इलाके में एक महिला के साथ छेड़खानी करने वाले आरोपी को पुलिस ने रविवार सुबह एक मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया है। यह मुठभेड़ कुकरैल पुल के पास हुई। खुद को घिरा देख आरोपी ने पुलिस पर फायरिंग कर दी। इसके बाद पुलिस ने भी आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की। इस जवाबी फायरिंग में आरोपी के पैर में गोली लगी है जिसके बाद उसे पकड़ लिया गया। आरोपी की पहचान 34 वर्षीय सनी यादव के रूप में हुई।
डीसीपी दीक्षा शर्मा ने दी विस्तृत जानकारी
डीसीपी दीक्षा शर्मा ने बताया कि शनिवार को विकास नगर थाना क्षेत्र में एक युवती के साथ छेड़खानी और बेरहमी से मारपीट का मामला सामने आया था। वारदात की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने कार्रवाई की और सख्त धाराओं के तहत केस दर्ज किया गया। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की कई स्पेशल टीमें बनाई गईं और उसकी तलाश शुरू की गई।
अस्पताल में भर्ती, पूछताछ जारी
डीसीपी ने आगे बताया कि मुठभेड़ में घायल होने के बाद आरोपी सनी यादव को तुरंत इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज चल रहा है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से हथियार भी बरामद किए हैं। फिलहाल पुलिस हिरासत में ही उससे कड़ाई से पूछताछ की जा रही है और मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
यह भी पढ़ें: हुगली में टीएमसी सांसद कल्याण बनर्जी पर हमला, भाजपा-टीएमसी में जुबानी जंग तेज